कोरबा में देर रात एक तेज रफ्तार कार पलट गई। उरगा थाना क्षेत्र के कोरबा-चांपा भारतमाला मुख्य मार्ग पर हुए इस हादसे में कार सवार पूर्व NSUI राष्ट्रीय संयोजक सहित 2 की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतकों की पहचान राहुल राय और विराट अग्रवाल के रूप में हुई है। हादसे में घायल हुए दो अन्य व्यक्तियों को गंभीर हालत में बिलासपुर रेफर किया गया है। पुलिस के अनुसार, तेज रफ्तार के कारण कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे जा गिरी, जिससे वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। मृतक राहुल राय के पिता कन्हैया राय ने बताया कि सभी लोग बिलासपुर के मस्तूरी से कोरबा के बेला कछार स्थित किरारी गांव में शंकर पांडे के बेटे की शादी में बारात के लिए आ रहे थे। कार क्रमांक CG 10 PF 9922 में चार लोग सवार थे। इस हादसे में भोलाराम और बलराम कुमार घायल हुए हैं। ASP ने की घटना की पुष्टि कन्हैया राय ने यह भी बताया कि उनके बेटे राहुल राय कांग्रेस के छात्र संगठन NSUI के राष्ट्रीय संयोजक थे। उनके परिवार में पत्नी और दो छोटे बच्चे हैं। ASP लखन पटले ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हुई है और दो घायल हैं। पुलिस ने मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी है और आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।


