कोरबा में नवविवाहिता ने फांसी लगाकर दी जान:9 माह पहले की थी लव मैरिज, मां ने प्रताड़ना का आरोप लगाया

कोरबा के मानिकपुर चौकी क्षेत्र अंतर्गत अमरिया पारा बस्ती में एक नवविवाहिता ने अपने घर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना मिलने पर मानिकपुर चौकी पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। मृतिका के परिजनों ने ससुराल वालों पर प्रताड़ना का आरोप लगाया है। मृतिका की पहचान 22 वर्षीय मधु सूर्यवंशी के रूप में हुई है। जो कि जांजगीर जिले के खोखरा गांव की रहने वाली थी। मधु ने कोरबा के अमरिया पारा निवासी अरुण कोसले से नौ महीने पहले लव मैरिज किया था। शादी के बाद मधु अपने मायके नहीं गई थी और अरुण के परिवार के साथ रह रही थी। शनिवार सुबह लगभग 11 बजे उसने घर के लोहे के एंगल से फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। घटना के समय घर पर सास-ससुर मौजूद थे। गैरेज में मिस्त्री का काम करता है पति पति अरुण कोसले टीपी नगर क्षेत्र में एक गैरेज में मिस्त्री का काम करता है। उसे फोन पर पत्नी की फांसी लगाने की सूचना मिली, जिसके बाद वह मौके पर पहुंचा और मानिकपुर चौकी पुलिस को सूचित किया। मानिकपुर चौकी पुलिस ने इस मामले में तहसीलदार को मौके पर बुलाया और उनकी उपस्थिति में आगे की कार्रवाई शुरू की गई। घटना की जानकारी मिलते ही मृतिका मधु के परिजन कोरबा पहुंचे। उन्होंने मृतिका के सास-ससुर पर गंभीर प्रताड़ना का आरोप लगाया है। दहेज प्रताड़ना का आरोप मधु की मां अंबिका बाई ने बताया कि मधु उनकी चार बेटियों में सबसे छोटी थी। वह कोरबा अपनी दीदी के घर आई थी, जहां उसकी मुलाकात अरुण से हुई और उन्होंने शादी कर ली। अंबिका बाई के अनुसार, शादी के बाद मधु फोन पर बताती थी कि उसके सास-ससुर उसे लव मैरिज और दहेज न लाने को लेकर ताना मारते थे, जिससे वह परेशान रहती थी। मां ने आरोप लगाया कि इसी प्रताड़ना के कारण मधु ने यह आत्मघाती कदम उठाया। मानिकपुर चौकी प्रभारी नवीन पटेल ने बताया कि इस मामले में मर्ग कायम कर लिया गया है और आगे की जांच कार्रवाई की जा रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *