कोरिया जिले ने रचा इतिहास:संभागीय युवा संसद में लगातार दूसरी बार प्रथम स्थान, अब राज्य स्तर पर दिखाएंगे जौहर

सरगुजा संभाग की युवा संसद प्रतियोगिता 2024-25 में कोरिया जिले ने अपना परचम लहराया है। शासकीय राजीव गांधी स्नातकोत्तर महाविद्यालय, अंबिकापुर में आयोजित इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में संभाग के छह जिलों के बीच कोरिया ने लगातार दूसरी बार प्रथम स्थान हासिल किया। कोरिया जिले के चार प्रतिभाशाली छात्रों ने व्यक्तिगत श्रेणी में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। माहीन जावेद अंसारी ने प्रधानमंत्री का पद संभाला, वैष्णवी को श्रेष्ठ प्रश्नकर्ता सांसद चुना गया, सृष्टि दास ने श्रेष्ठ वक्ता का खिताब जीता और रूखसार परवीन को श्रेष्ठ पक्षीय सांसद की उपाधि मिली। कलेक्टर चंदन त्रिपाठी ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि कोरिया के युवाओं में सकारात्मक ऊर्जा और जीवटता कूट-कूट कर भरी है। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ. आशुतोष चतुर्वेदी ने युवाओं को सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। जिला शिक्षा अधिकारी जितेन्द्र कुमार गुप्ता के मार्गदर्शन में तैयार हुई टीम अब राज्य स्तरीय युवा संसद प्रतियोगिता में जिले का प्रतिनिधित्व करेगी। यह प्रतियोगिता लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने और युवाओं में संसदीय प्रणाली की समझ विकसित करने का एक सशक्त माध्यम है। प्रतिभागियों ने अपनी वाकपटुता और तार्किक क्षमता का शानदार प्रदर्शन कर भविष्य के कुशल नेतृत्व की झलक दिखाई।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *