कोरिया जिले के थाना चरचा क्षेत्र में पुलिस ने विशेष अभियान चलाया। इस दौरान 2 गिरफ्तार किया गया, जबकि आबकारी अधिनियम के तहत 8 मामलों में 45 लीटर अवैध महुआ शराब जब्त की गई। पुलिस ने 10 प्रतिबंधात्मक कार्रवाइयां कीं और 2 निगरानी बदमाशों और 3 गुंडा बदमाशों की गतिविधियों की जांच की। इसके अलावा, दूसरे राज्यों से आए 10 संदिग्ध व्यक्तियों की भी पहचान कर उनकी जांच की गई। इस अभियान का मकसद अपराधों पर नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाना था। पुलिस ने पांच टीमें बनाकर सघन जांच की और कई इलाकों में तलाशी अभियान चलाया। पुलिस ने संदिग्ध स्थानों पर तलाशी अभियान चलाया पुलिस टीमों ने चरचा क्षेत्र के आमगांव, खरवत, सरडी, फूलपुर, शिवपुर, विशुनपुर, उमझर, जूनापारा सहित कई गांवों में गश्त की, साथ ही चरचा SECL कॉलोनी, रूपनगर, बांधपारा, पंडोपारा, सुभाषनगर, विवेकानंद कॉलोनी, चेरहापारा जैसे इलाकों में भी संदिग्ध स्थानों पर तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान अपराधियों की गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी गई और बाहरी राज्यों से आने वाले संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान कर उनकी जांच की गई, जिससे आपराधिक गतिविधियों को रोका जा सके। यह अभियान पुलिस महानिरीक्षक अंकित गर्ग और पुलिस अधीक्षक कोरिया रवि कुमार कुर्रे के निर्देश पर चलाया गया।


