कोरिया में युवक की हत्या का खुलासा, आरोपी गिरफ्तार:तालाब में मिला था शव, डीजल चोरी के पैसों को लेकर विवाद होने पर गला दबा मारा

कोरिया जिले के बड़कापारा में तालाब में युवक का शव मिलने के मामले का खुलासा करते हुए पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार किया है। डीजल चोरी के पैसों के बंटवारे के विवाद पर साथी युवक ने ही मृतक का गला दबा दिया था और शव को तालाब में फेंक दिया था। मामला पटना थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, 19 अक्टूबर 2025 को बड़कापारा स्थित तालाब में एक अज्ञात युवक का शव मिला था। पटना पुलिस ने शव को बाहर निकलवाकर पंचनामा कराया। शव सड़ने लगा था। मृतक काले रंग का जींस पैंट पहना हुआ था। उसकी जेब से मिले आधार कार्ड से उसकी शिनाख्त सूरज पिता रामदास गोंड़ (26 वर्ष) निवासी, चौनपुर के रूप में हुई। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया था। मोबाइल कॉल डिटेल से आरोपी तक पहुंची पुलिस
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट मे युवक की गला दबाकर हत्या कर शव को पानी में फेंकने की पुष्टि हुई। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ धारा 103(1) BNS के तहत हत्या का अपराध दर्ज किया था। मामले की जांच करते हुए पुलिस ने युवक के मोबाइल का कॉल डिटेल निकाला। काल डिटेल के विश्लेषण में पता चला कि 16 अक्टूबर की दोपहर 12.11 बजे मृतक की पत्नी लक्ष्मी ने मृतक से अंतिम बार बातचीत की थी। इससे पूर्व उसी दिन 11.17 बजे मृतक ने रामप्रताप उर्फ पप्पू (निवासी ग्राम उजियारपुर) तथा उसके रिश्ते के भाई छोटू सिंह निवासी ग्राम जिलीबांध से बातचीत की थी। प्रकरण में संदिग्ध रामप्रताप उर्फ पप्पू की पतासाजी की गई, जो घटना के बाद झारखंड व पश्चिम बंगाल फरार हो गया था। पुलिस टीम उसके मोबाइल लोकेशन के आधार पर उस तक पहुंच गई एवं हिरासत में लिया। शराब पीने के बाद हुआ विवाद, गला दबाया
रामप्रसाद ने पुलिस पूछताछ में बताया कि 16 अक्टूबर को वह मृतक सूरज के साथ चौनपुर से नगर आया था। वहां से दोनों ट्रेन से कटोरा पहुंचे तथा शराब भट्ठी से शराब खरीदकर साथ में शराब सेवन किया। दोनों ने कुछ दिनों पूर्व जेसीबी वाहन से डीजल चोरी कर बेचा था, जिसका ज्यादातर पैसा सूरज रखा हुआ था। पैसों के लेन-देन को लेकर दोनों के बीच विवाद बढ़ गया। इसी विवाद के दौरान आवेश में आकर आरोपी ने सूरज की गला दबाकर हत्या कर दी तथा शव को पास के तालाब में फेंक दिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर मृतक का मोबाइल, मृतक का बैग एवं उसमें रखे कपड़े घटना स्थल से बरामद किया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *