पूर्व में हुए 4 निकाह की जानकारी छिपाते हुए 5वां निकाह करने की आरोपी महिला हसीना को भोपाल कोर्ट ने 2 साल की सजा सुनाई है। 2 हजार रुपए का जुर्माना भी लगाया है। फैसला न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी मेघा अग्रवाल ने सुनाया है। हसीना ने पीड़ित से कहा था कि उसका पहले एक निकाह हुआ था, जिससे तलाक हो चुका है। लेकिन, निकाह के बाद खुलासा हुआ कि हसीना के उससे पहले चार निकाह हो चुके हैं। इनमें से किसी के साथ उसका तलाक भी नहीं हुआ है। इसके बाद भी उसने पीड़ित को धोखे में रखते हुए 5वां निकाह किया। उसके पिछले पतियों का नाम शमशेर, मतलूब, सलमान और शाबिर मोहम्मद है। पीड़ित तबरेज उल्ला ने बताया कि वे भोपाल कोर्ट में वकील हैं। उन्होंंने शादी के लिए एक व्यक्ति से संपर्क किया था। उसने हसीना से संपर्क कराया। तब हसीना ने खुद को तलाकशुदा बताया। इसके बाद 27 मई 2022 को दोनों का निकाह हो गया। डेढ़ महीने बाद ही हसीना दो बेटियों को घर लेकर आ गई। इसके बाद से वो और उसकी बेटियां उनको धमकी देते और प्रताड़ित करने लगे थे। उनका कहना था कि वो तबरेज और उनके भाई परवेज को दुष्कर्म , गांजा समेत अन्य झूठे केस में फंसा देंगे। इसके बाद तबरेज को जानकारी हुई कि हसीना के उनसे पहले 4 और निकाह हो चुका है। उनमें से किसी से भी हसीना का तलाक नहीं हुआ है। इसके बाद तबरेज ने न्याय के लिए अदालत का दरवाजा खटखटाया था। फर्जी शपथपत्र बनाकर करोंद में काजी से करवाया निकाह
तबरेज ने कोर्ट में बताया कि हसीना उनको निकाह के लिए कजीयात लेकर गई थी। यहां उसने जानकारी दी कि उसका सलमान नाम के व्यक्ति से निकाह हुआ था। इसके बाद सलमान ने उसे तलाक दे दिया। इस पर कजीयात ने हसीना से उसका तलाकनामा मांगा। लेकिन, हसीना ने तलाकनामा नहीं दिया और तबरेज को कजीयात लेकर चली गई। इसके बाद हसीना ने करोंद में रहने वाले काजी शकूर से संपर्क किया। यहां उसने फर्जी शपथपत्र दिखाकर काजी शकूर से उसका और तबरेज का निकाह करा लिया। धमकियों से परेशान होकर बड़े भाई ने जहर खाया, मौत तबरेज ने कोर्ट में बताया कि हसीना उसे और उसके बड़े भाई परवेज को प्रताड़ित करती थी। उसकी बेटियां भी उसे और उसके भाई को परेशान करते थे। दोनों को झूठे केस में फंसाने की धमकी देते थे। इससे परेशान होकर उनके भाई परवेज ने जहर खा लिया था। इलाज के दौरान उनके भाई की मौत हो गई थी। उज्जैन कोर्ट से मिली जानकारी से खुली पोल तबरेज ने भोपाल कोर्ट में हसीना और उसके पूर्व पति के बीच उज्जैन कोर्ट में चल रहे केस का हवाला दिया। तबरेज ने बताया कि 2014 में हसीना ने मतलूब के खिलाफ उज्जैन कोर्ट में भरण-पोषण के लिए केस लगाया था, जो फिलहाल उज्जैन कोर्ट में चल रहा है। जिसे तबरेज ने भोपाल कोर्ट में पेश किया था। इसके अलावा हसीना के पूर्व में हुए निकाह के निकाहनामे भी कोर्ट में पेश किए थे।


