मुलताई के प्रभातपट्टन ब्लॉक में मारपीट के मामले में न्यायालय ने मंगलवार को दो सरपंचों सहित तीन आरोपियों को जेल भेजने का आदेश दिया है। घटना 21 जनवरी की रात की है, जब ग्राम दाबका के सुखदेव कवरेती अपने भाई जुगदेव के साथ एक किराना दुकान पर सामान लेने गए थे। दाबका के सरपंच सुखदेव मसराम, उनका बेटा साहिल और गेहूंबारसा के सरपंच फगनू मसराम ने पुरानी रंजिश के चलते दोनों भाइयों से विवाद किया। विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने पत्थरों से हमला कर दिया, जिसमें जुगदेव गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में और फिर प्राथमिक इलाज के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया। मासोद पुलिस चौकी के उपनिरीक्षक बसंत अहाके के अनुसार, पीड़ित सुखदेव की शिकायत पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 296, 115(2), 351(3) 3,5 के तहत केस दर्ज किया गया। मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद धारा 118(2) भी जोड़ी गई। तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां न्यायाधीश ने उन्हें जेल भेजने का आदेश दिया। चौथा आरोपी अंकेश अभी भी फरार है।


