कोलड़ीहा में तेज रफ्तार बाइक से महिला की मौत:चालक हिरासत में, लगातार हादसों पर लोगों ने स्पीड ब्रेकर की मांग की

गिरिडीह नगर थाना क्षेत्र के कोलड़ीहा में गुरुवार रात एक तेज रफ्तार बाइक की चपेट में आने से एक महिला की मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल महिला को स्थानीय लोगों की मदद से गिरिडीह सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतका की पहचान कोलड़ीहा निवासी पप्पू खान की 47 वर्षीय पत्नी रिफत प्रवीण के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि रिफत प्रवीण घर से आवश्यक सामान खरीदकर लौट रही थीं। इसी दौरान गिरिडीह बाजार से पालगंज की ओर जा रही एक तेज रफ्तार बाइक, जिस पर दो युवक सवार थे, ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे के बाद बाइक सवार भागने का प्रयास कर रहे थे, लेकिन स्थानीय लोगों ने पीछा कर चालक को पकड़ लिया। उसे बाद में नगर थाना पुलिस के हवाले कर दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में परिजन और स्थानीय लोग सदर अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। दुर्घटनाग्रस्त बाइक के चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। बताया गया है कि चालक पालगंज का निवासी है और गिरिडीह बाजार से अपने घर लौट रहा था। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है। इस बीच, स्थानीय जनप्रतिनिधि नुरुल होदा ने घटना पर दुख व्यक्त करते हुए कहा कि कोलड़ीहा क्षेत्र में लगातार सड़क हादसे हो रहे हैं। इन दुर्घटनाओं में आए दिन लोगों की जान जा रही है या वे घायल हो रहे हैं। उन्होंने बताया कि हाल के दिनों में भी इस इलाके में कई सड़क दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। स्थानीय लोगों ने लगातार हो रहे हादसों पर नाराजगी व्यक्त करते हुए स्पीड ब्रेकर लगाने और नाबालिग चालकों पर कार्रवाई की मांग की है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *