झालावाड़ जिले के ग्राम पंचायत हरनावदा के गांव कोल्वी में स्थित कोल्वी गुफा में हिंगलाज माता की मूर्ति हटाने से लोगों में आक्रोश है। ग्रामीणों ने सोमवार को डग तहसीलदार और भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण विभाग, मानसरोवर जयपुर मंडल को ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों ने ज्ञापन में माताजी की मूर्ति को पुनः स्थापित करने और पूजा-पाठ की सुविधा तुरंत बहाल करने की मांग की। वहीं, ग्रामीणों में इस घटना को लेकर व्यापक आक्रोश देखा गया। कोल्वी गांव के ग्रामीणों ने बताया कि हिंगलाज माता की मूर्ति कई वर्षों से गुफा में स्थापित थी और वहां सभी लोग नियमित रूप से पूजा-अर्चना करते थे। मूर्ति हटाए जाने से धार्मिक आस्था को ठेस पहुंची है। उन्होंने प्रशासन से माँगा कि माता जी की मूर्ति को जल्द से जल्द वहीं पुनः स्थापित किया जाए। मौके पर पुलिस, डग तहसीलदार, पुरातत्व विभाग के अधिकारी और आसपास के गांवों के ग्रामीण मौजूद रहे। अधिकारियों ने ग्रामीणों की बात सुनी और जल्द समाधान निकालने का आश्वासन दिया। ज्ञापन सौंपने के बाद ग्रामीणों में आक्रोश के बावजूद शांति बनाए रखने का प्रयास किया गया।


