जैसलमेर जिले में सोमवार सुबह घने कोहरे के कारण एक बड़ा और दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सदर थाना इलाके के जोधा गांव के पास तालाब के समीप एक स्कूल बस और बोलेरो कैम्पर की आमने-सामने की भीषण टक्कर हो गई। इस हादसे में करीब 12 लोग घायल हो गए, जिनमें कई महिलाएं और 3 स्कूली बच्चे भी शामिल हैं। टक्कर के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। गंभीर रूप से घायल हुए 5 लोगों को प्राथमिक इलाज के बाद बेहतर इलाज के लिए तुरंत जोधपुर रेफर किया गया है। हादसे की जानकारी पर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हादसे के कारणों की पड़ताल शुरू की। बोलेरो सवार शादी समारोह से लौट रहे थे वहीं स्कूल बस स्कूल जा रही थी, उसी दौरान घने कोहरे के कारण आपस में भिड़ंत हो गई। घने कोहरे के कारण घटी दुर्घटना सदर थाना प्रभारी प्रेम दान रतनू, के अनुसार, यह हादसा सोमवार सुबह के समय उस वक्त हुआ जब पूरे क्षेत्र में घना कोहरा छाया हुआ था और दृश्यता (विजिबिलिटी) बेहद कम थी। बोलेरो कैम्पर, जो कि जोधा गांव से खुहड़ी गांव की ओर जा रही थी। बोलेरो में सवार लोग एक शादी समारोह से लौट रहे थे। वहीं सामने से आ रही एसएम पब्लिक स्कूल की बस से उसकी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों वाहनों को भारी नुकसान पहुंचा और यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। हादसे के तुरंत बाद, मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए तत्काल राहत और बचाव कार्य शुरू किया। ग्रामीणों ने घायलों को निजी गाड़ियों की मदद से तुरंत जैसलमेर स्थित जवाहिर हॉस्पिटल पहुंचाया। 5 गंभीर घायलों को जोधपुर किया रेफर जवाहिर हॉस्पिटल पहुंचते ही डॉक्टरों की टीम ने घायलों का इलाज शुरू कर दिया। घायलों में से 5 की हालत गंभीर देखते हुए, उन्हें प्राथमिक इलाज के बाद बेहतर इलाज लिए जोधपुर रेफर कर दिया गया। गनीमत यह रही कि समय पर हॉस्पिटल पहुंचने से सभी घायलों की जान बचाई जा सकी। हादसे में घायल हुए लोगों में बोलेरो कैम्पर में सवार दुर्गा कंवर (50) निवासी खुहड़ी, 6 वर्षीय पूनम, भवानी कंवर (23), 10 वर्षीय सॉन्ग सिंह, 12 वर्षीय मालम कंवर, बिशन सिंह (20), 7 वर्षीय दक्षा, 12 वर्षीय अरुणा और चंदू कंवर (19) शामिल हैं। इसके अलावा, स्कूल बस में सवार तीन स्कूली बच्चे – 15 वर्षीय यशपाल सिंह, 10 वर्षीय उपेंद्र सिंह और 13 वर्षीय ज्ञानवर्धन सिंह भी हादसे में घायल हुए हैं। पुलिस जांच में जुटी, अभिभावकों में चिंता घटना की सूचना मिलते ही सदर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। सदर थानाधिकारी प्रेमदान रतनू ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और हादसे के कारणों की विस्तृत जांच शुरू की। थानाधिकारी रतनू ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि घने कोहरे के कारण कम दृश्यता ही दुर्घटना का मुख्य कारण बनी, हालांकि पुलिस अन्य सभी पहलुओं को भी ध्यान में रखकर जांच कर रही है। प्रशासन और पुलिस की ओर से आम जनता से यह अपील की गई है कि कोहरे के इस मौसम में वाहन चलाते समय विशेष सावधानी बरतें, गति सीमित रखें और यातायात नियमों का कड़ाई से पालन करें, ताकि ऐसी दुःखद दुर्घटनाओं से बचा जा सके। फिलहाल सभी घायलों का इलाज जारी है और पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है।


