बारां शहर समेत जिले में कई जगहों पर शुक्रवार शाम को तेज गर्जना के साथ बारिश हुई। बारिश के चलते सड़कों पर पानी भर गया। आकाशीय बिजली गिरने से हरनावदाशाहजी में एक की मौत हो गई। मौसम में आए इस बदलाव से वातावरण में गलन का असर बढ़ गया। शुक्रवार रात से लेकर शनिवार सुबह तक भी कई जगह रुक-रुककर रिमझिम बारिश का दौर जारी है। इसके चलते सुबह से धुंध भी छाई हुई है। शहर में पिछले कुछ दिनों से बादलों की आवाजाही बनाई हुई है। शुक्रवार देर शाम को अचानक मौसम पलट गया। इस दौरान तेज गर्जना के साथ बारिश हुई। जिससे कई जगह सड़को पर पानी भर गया। वहीं शनिवार को सुबह से ही शहर में घना कोहरा ओर धुंध का असर देखने को मिला। वहीं वातावरण में भी गलन का असर बढ़ गया है। सर्दी से बचाव के लिए लोग अलाव सेकते समेत तरह तरह के जतन करते दिखे। वहीं कृषि विभाग के अनुसार मावठ की यह बारिश फसलों के लिए फायदेमंद साबित होगी। इधर, जिले के हरनावदाशाहजी के श्रीपुरा गांव में अक्षय बिजली गिरने से खेत पर रखवाली कर रहा एक किसान की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार श्रीपुरा निवासी नंदकिशोर लोधा खेत पर रखवाली के लिए गया हुआ था। जहां देर रात को आकाशीय बिजली की चपेट में आने से उसकी मौत हो गई। मृतक किसान के शव को अस्पताल मॉर्च्युरी लाया गया। जहां शनिवार को पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया है।


