कोहरे की चादर में लिपटा चित्तौड़गढ़:न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे, मौसम विभाग का अलर्ट: आने वाले दिनों में और गिरेगा पारा

चित्तौड़गढ़ में शनिवार की सुबह कोहरे के साथ शुरू हुई। ऐसा लगा मानो बादल जमीन के बिलकुल करीब आ गए हों। सुबह-सुबह लोगों को कोहरे की वजह से ठंड और ज्यादा महसूस हुई। लेकिन धूप निकलते ही कोहरा भी छट गया। मौसम विभाग ने पहले से ही संकेत दे दिए थे कि जिले में तापमान और गिर सकता है तथा ठंड बढ़ेगी। जिले में न्यूनतम तापमान फिर से 10 डिग्री से नीचे पहुंच चुका है, जिससे साफ संकेत मिलते हैं कि सर्दी अब फिर से तेजी पकड़ रही है। तापमान में तेज उतार-चढ़ाव, दो दिनों में तीन डिग्री से ज्यादा गिरावट दर्ज चित्तौड़गढ़ में बीते 24 घंटे में मौसम का मिजाज काफी बदला है। अधिकतम तापमान में जहां 0.3 डिग्री की मामूली बढ़त दर्ज हुई है, वहीं न्यूनतम तापमान में 2.1 डिग्री की अचानक गिरावट देखी गई है। यदि पिछले 48 घंटों का आंकड़ा देखें तो अधिकतम तापमान 0.5 डिग्री और न्यूनतम तापमान 3.5 डिग्री तक गिर चुका है। उत्तरी हवाओं का असर इन दिनों काफी तेज है, जिसके कारण दिन और रात के तापमान में बड़ा फर्क देखने को मिल रहा है। रातें ठंडी होने लगी हैं और सुबह की शुरुआत भी तेज ठंड के साथ हो रही है। मौसम विभाग का कहना है कि अगले दो सप्ताह तक मौसम साफ और शुष्क रहेगा, लेकिन ठंड में कमी की उम्मीद नहीं है। दिन में हल्की धूप, रातें लगातार ठंडी, तापमान लगातार नीचे जा रहा पिछले कुछ दिनों से चित्तौड़गढ़ में तापमान में लगातार उतार-चढ़ाव चल रहा है। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 27.3 डिग्री और न्यूनतम तापमान 8.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो इस सीजन की सबसे ठंडी रातों में से एक रही। गुरुवार को अधिकतम तापमान 27 डिग्री और न्यूनतम 10.2 डिग्री था। वहीं बुधवार को अधिकतम 27.8 डिग्री और न्यूनतम 11.6 डिग्री दर्ज किया गया। इन आंकड़ों से साफ है कि दिन में धूप होने के बावजूद रात का तापमान लगातार गिर रहा है। धूप थोड़ी राहत जरूर देती है, लेकिन सुबह और रात की ठंड तेजी से बढ़ रही है, जिससे लोगों को गर्म कपड़ों और हीटर की जरूरत महसूस होने लगी है। न्यूनतम तापमान तीन डिग्री और गिरने की संभावना जताई गई मौसम विभाग ने बताया है कि आने वाले दो हफ्तों तक मौसम मुख्य रूप से शुष्क बना रहेगा। बारिश या बादल छाने जैसी कोई संभावना नहीं है, लेकिन उत्तरी हवाएं सक्रिय रहेंगी, जिससे ठंड में और बढ़ोतरी हो सकती है। विभाग के अनुसार, अधिकतम तापमान में थोड़ा बहुत उतार-चढ़ाव दिख सकता है, लेकिन न्यूनतम तापमान में तीन डिग्री तक की अतिरिक्त गिरावट होने की संभावना है। इसका मतलब है कि आने वाले दिनों में सुबह और रात दोनों समय ठंड बहुत ज्यादा महसूस होगी। विशेषकर बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। बदलते मौसम में खानपान और कपड़ों पर ध्यान देना जरूरी है, क्योंकि तेज ठंड स्वास्थ्य पर असर डाल सकती है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *