कोहरे के कारण 4 फ्लाइट जयपुर डायवर्ट:चंडीगढ़ के लिए उड़ान नहीं भर सका विमान, 8 ट्रेन लेट; राजस्थान में बारिश की संभावना

राजस्थान में नए साल (2026) पर बारिश की संभावना जताई जा रही है। प्रदेश में कड़ाके की सर्दी का दौर जारी है। उत्तर-पूर्वी राज्यों में घना कोहरा छाने का असर फ्लाइट्स और ट्रेन के संचालन पर देखने को मिला। कोहरे के कारण सोमवार को दूसरे शहरों से दिल्ली और चंडीगढ़ जाने वाली 4 फ्लाइट्स को जयपुर डायवर्ट किया गया। जयपुर से चंडीगढ़ की फ्लाइट रद्द करनी पड़ी। जयपुर से गुवाहाटी की फ्लाइट ने निर्धारित समय से करीब पौने दो घंटे की देरी से उड़ान भरी। कोहरे के कारण राजस्थान से चलने वाली 8 ट्रेन लेट हुई हैं। रविवार को बीकानेर, जैसलमेर, बाड़मेर और फलोदी को छोड़कर बाकी सभी जिलों में न्यूनतम तापमान सिंगल डिजिट में दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने 1 जनवरी को 12 जिलों में घने कोहरे का अलर्ट भी जारी किया है। जोधपुर, बीकानेर और अजमेर संभाग के कुछ हिस्सों में शनिवार को दिन में हल्के बादल भी छाए रहे। शनिवार को जयपुर, दौसा, उदयपुर, करौली सहित 6 शहरों में सीजन का सबसे कम तापमान दर्ज हुआ। मौसम विभाग ने राज्य में आज (सोमवार) और कल (मंगलवार) मौसम इसी तरह रहने का अनुमान जताया है। इन जिलों में छा सकते हैं बादल
मौसम विज्ञान केन्द्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया- एक नए मजबूत पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से 31 दिसंबर और 1 जनवरी को बीकानेर संभाग और शेखावाटी क्षेत्र के जिलों के कुछ भागों में बादल छा सकते हैं। साथ ही कहीं-कहीं हल्की बारिश या मावठ होने की संभावना है। इस दौरान 31 दिसंबर को बीकानेर, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, चूरू, झुंझुनूं और सीकर जिलों में बादल छा सकते हैं। 1 जनवरी को श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, चूरू, झुंझुनूं और अलवर में बादल छाने की संभावना है। कहीं-कहीं हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है। इन फ्लाइट्स पर कोहरे का असर
जयपुर से चंडीगढ़ जाने वाली इंडिगो की फ्लाइट संख्या 6E-7742 आज रद्द हो गई। यह विमान जयपुर से सुबह 5:50 बजे चंडीगढ़ के लिए उड़ान भरता है। चंडीगढ़ में घना कोहरा होने के कारण उड़ान रद्द की गई। इंडिगो की फ्लाइट संख्या 6E-748 (जयपुर-गुवाहाटी) ने अपने निर्धारित समय सुबह 6:40 बजे के बजाय सुबह 8:26 बजे उड़ान भरी। यह फ्लाइट पिछले एक सप्ताह से लगातार देरी से उड़ान भर रही है।
सीकर का फतेहपुर और करौली सबसे ज्यादा ठंडा प्रदेश में पिछले 24 घंटों के दौरान जयपुर, बीकानेर, उदयपुर, कोटा और अजमेर संभाग के जिलों में कड़ाके की सर्दी रही। सबसे ठंडे इलाके फतेहपुर (सीकर) और करौली रहे। यहां का न्यूनतम तापमान क्रमशः 2.1 और 2.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। रविवार को पाली में न्यूनतम तापमान 3.6 डिग्री सेल्सियस, सीकर में 3.5, दौसा में 3.9, लूणकरणसर में 4.6, अलवर में 5, पिलानी में 5.8, बारां में 5.1, सिरोही में 5.5, चूरू में 5.4, जालोर में 5.9, झुंझुनूं, उदयपुर में 6.8, चित्तौड़गढ़ में 6.2, भीलवाड़ा में 6.4, अजमेर में 6.8, कोटा में 7.6, श्रीगंगानगर में 7.5, जयपुर में 8.5, जोधपुर में 9.2, प्रतापगढ़ में 9.5 और बीकानेर में 10.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। सर्दी के कारण ओस की बूंदें जम गईं
हनुमानगढ़, फतेहपुर (सीकर) और सीकर के आसपास कड़ाके की सर्दी के कारण ओस की बूंदें जम गईं। इन इलाकों में पाला पड़ना शुरू हो गया है। शनिवार को दौसा, भीलवाड़ा, जयपुर, चित्तौड़गढ़, उदयपुर और करौली में सीजन का सबसे कम तापमान दर्ज हुआ। बादल छाए, लेकिन सर्द हवाएं तेज
रविवार को पश्चिमी विक्षोभ का असर रहा। इसकी वजह से जैसलमेर, जोधपुर, नागौर, बीकानेर, बाड़मेर, हनुमानगढ़, चूरू समेत कुछ हिस्सों में हल्के बादल छाए, लेकिन सर्द हवाओं का प्रभाव तेज रहा। इस कारण अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज हुआ।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *