चित्तौड़गढ़ जिले के भादसोड़ा थाना क्षेत्र में रविवार सुबह एक सड़क हादसा हो गया। घने कोहरे के कारण एक कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई, जिससे कार में सवार दो युवकों की मौत हो गई, जबकि तीसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। बताया जा रहा है कि कार की रफ्तार भी काफी तेज थी। हादसे की खबर से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई। सुबह के समय नेशनल हाईवे पर कोहरे का असर इतना ज्यादा नहीं था फिर भी युवकों को आगे का रास्ता साफ दिखाई नहीं दिया, जिससे यह बड़ा हादसा हो गया। राहगीरों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस और एंबुलेंस को दी। उदयपुर से चित्तौड़गढ़ आते समय सिक्स लेन पुलिया हादसा हुआ भादसोड़ा के ASI जीवन सिंह ने बताया कि प्रवीण जाट (20) ने पुलिस को रिपोर्ट दी कि वह अपने दोस्त ध्रुव सुथार पुत्र कृष्ण वल्लभ सुथार और सौम्या सालवी पुत्र कैलाश सालवी के साथ उदयपुर से चित्तौड़गढ़ आ रहे थे। कार को ध्रुव चला रहा था। सुबह करीब सात बजे के बाद नरधारी गांव के पास सिक्स लेन पुलिया पर अचानक कोहरा था और कार की स्पीड भी काफी तेज थी। इसी दौरान कार का संतुलन बिगड़ गया और वाहन सीधे डिवाइडर से जा टकराया। टक्कर इतनी तेज थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। डिवाइडर से टकराई कार, दो की मौत हुई हादसे में कार सवार सौम्या सालवी (18) और ध्रुव सुथार (20) को गंभीर चोटें आईं और दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना इतनी भयावह थी कि ध्रुव का एक हाथ भी कट गया। कार का इंजन भी पूरी तरह टूट गया था। वहीं प्रवीण जाट गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तुरंत प्राथमिक उपचार के बाद उदयपुर रेफर किया गया। आसपास मौजूद लोगों ने बताया कि टक्कर की आवाज काफी तेज थी और कुछ ही देर में वहां लोगों की भीड़ जमा हो गई। सभी ने घायलों को बचाने की कोशिश की, लेकिन दो युवकों को नहीं बचाया जा सका। सूचना पर पहुंची पुलिस एंबुलेंस, घायलों को हॉस्पिटल भेजा गया हादसे की सूचना मिलते ही नेशनल हाईवे की एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायल प्रवीण को तुरंत जिला हॉस्पिटल पहुंचाया गया। इसके साथ ही भादसोड़ा थाना पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त कार को सड़क से हटवाया और यातायात को सुचारू कराया। हादसे के कारण कुछ समय के लिए हाईवे पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया था। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है और कोहरे को हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है। परिजनों के आने पर होगा पोस्टमार्टम, पुलिस जांच जारी है पुलिस ने बताया कि मृतकों के परिजन उदयपुर से आने वाले हैं। उनके पहुंचने के बाद ही दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। इस हादसे ने दो परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है। गांव और आसपास के इलाके में मातम पसरा हुआ है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। प्रशासन की ओर से लोगों से अपील की गई है कि कोहरे के समय वाहन धीमी गति से चलाएं और पूरी सावधानी बरतें, ताकि ऐसे हादसों से बचा जा सके।


