जिले में तेज सर्दी का असर जारी है। उत्तरी पश्चिमी हवा के साथ सुबह घना कोहरा छाया रहा। कोहरे के कारण सुबह 8 बजे तक दृश्यता 15 से 20 मीटर तक ही रही। कोहरे का असर सुबह 10 बजे के बाद तक रहा। सर्द हवा चलने से गुरुवार को न्यूनतम तापमान में 5.2 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। वहीं दिन में धूप निकलने से अधिकतम तापमान में 2.5 डिग्री की बढ़ोतरी हुई। पिलानी मौसम केंद्र पर गुरुवार को अधिकतम तापमान 21 डिग्री व न्यूनतम तापमान 6 डिग्री दर्ज किया गया। इससे पहले यहां बुधवार को अधिकतम 18.5 डिग्री व न्यूनतम तापमान 11.2 डिग्री रहा था। मौसम में बदलाव के साथ अचानक बढ़ी सर्दी से जिले में कई स्थानों पर पाला पढ़ने से फसलों को नुकसान होने लगा है। उद्यान विभाग के उप निदेशक डॉ. विजयपाल कस्वा ने बताया कि सर्द हवा चलने व अचानक तापमान में गिरावट होने से कुछ क्षेत्रों में पाला पड़ने की शिकायत मिली है। इससे बैंगन, आलू, टमाटर व मिर्ची की फसल को नुकसान होने की संभावना बढ़ गई है। जबकि गोभी, मूली व गाजर की फसलों पर इसका ज्यादा प्रभाव नहीं पड़ेगा। एक दिन बाद मौसम में फिर से बदलाव होने से कुछ फसलों को फायदा भी मिलेगा। आज सर्दी, कल से बारिश की संभावना : शीतलहर के दबाव से शुक्रवार को भी सुबह कोहरा रहेगा। नया विक्षोभ सक्रिय होने से 31 से दोबारा बरसात की संभावना बन रही है। जयपुर मौसम विभाग के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि शुक्रवार को भी शीतलहर का असर रहेगा। 31 जनवरी से 2 फरवरी तक बरसात की संभावना बनी हुई है। नया पश्चिमी विक्षोभ की सक्रिय होने से शेखावाटी के साथ जयपुर, भरतपुर संभाग के हिस्सों में गर्जना के साथ हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश होगी। इंद्रपुरा. नांगल के खेत में कड़ाके की ठंड से झुलसी बैंगन की फसल।


