क्या भारत 10वीं बार अंडर-19 वर्ल्डकप फाइनल में पहुंचेगा:सेमीफाइनल में अफगानिस्तान से मुकाबला; टीम इंडिया टूर्नामेंट में एक भी मैच नहीं हारी

अंडर-19 वर्ल्ड कप का दूसरा सेमीफाइनल आज भारत और अफगानिस्तान के बीच खेला जाएगा। मैच जिम्बाब्वे के हरारे स्पोर्ट्स क्लब में दोपहर 1 बजे से शुरू होगा, जबकि टॉस 12:30 बजे होगा। इस मैच में जीत दर्ज करने वाली टीम 6 फरवरी को हरारे में ही इंग्लैंड के खिलाफ फाइनल खेलेगी। भारतीय टीम अब तक इस टूर्नामेंट एक भी मैच नहीं हारी है। अंडर-19 वर्ल्ड कप के इतिहास में भारत सबसे सफल टीम रही है। टीम ने अब तक पांच बार (2000, 2008, 2012, 2018 और 2022) खिताब अपने नाम किया है, जबकि चार बार टीम रनर-अप भी रह चुकी है। ऐसे में भारतीय टीम की नजर 10वीं बार फाइनल में पहुंचने पर होगी। भारत के बाद सबसे सफल टीम ऑस्ट्रेलिया है, जिसने चार बार अंडर-19 वर्ल्ड कप ट्रॉफी जीती है। वहीं अफगानिस्तान की टीम अब भी अपने पहले खिताब का इंतजार कर रही है और सेमीफाइनल में जीत दर्ज कर इतिहास रचने के इरादे से मैदान पर उतरेगी। भारत ने 83.33% मुकाबले जीते भारत का अफगानिस्तान के खिलाफ हेड टु हेड में रिकॉर्ड शानदार रहा है। दोनों टीमों के बीच अब तक कुल 12 मुकाबले खेले गए हैं, जिनमें भारत ने 10 मैच अपने नाम किए हैं। इस दौरान टीम की विनिंग परसेंटेज 83.33 प्रतिशत रहा है। वहीं अफगानिस्तान अंडर-19 को सिर्फ 2 मुकाबलों में जीत मिली है। कुंडू भारत के टॉप स्कोरर इस अंडर-19 वर्ल्ड कप में भारतीय टीम के लिए अभिज्ञान कुंडू ने सबसे ज्यादा 5 मैचों में 199 रन बनाए हैं। उनका बेस्ट स्कोर 80 रन रहा है। कुंडू ने 82.23 की स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी की है। गेंदबाजी में हेनिल पटेल ने कमाल का प्रदर्शन किया है। उन्होंने 5 मैचों में 11 विकेट झटके हैं। उनका बेस्ट प्रदर्शन 5 विकेट देकर 16 रन का रहा है और उनकी इकॉनमी 3.72 की है। पिछले मैच में ऑलराउंडर कनिष्क चौहान ने 35 रन बनाने के साथ ही एक विकेट भी लिया है। फैजल टूर्नामेंट के सेकेंड टॉप स्कोरर इस अंडर-19 वर्ल्ड कप के सेकेंड टॉप स्कोरर अफगानिस्तान के फैजल शिनोजादा हैं। उन्होंने 5 मैचों में 325 रन बनाए हैं। बेस्ट स्कोर 163 रन का रहा है और उन्होंने 103.83 की तेज स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी की है। वहीं गेंदबाजी में नूरिस्तानी अमरजई ने टीम के लिए अहम भूमिका निभाई है। उन्होंने 5 मैचों में 12 विकेट लिए हैं। उनका बेस्ट प्रदर्शन 5 विकेट देकर 9 रन का रहा है और उनकी इकॉनमी 3.65 की रही है। हाई स्कोरिंग हो सकता है मैच हरारे स्पोर्ट्स क्लब की पिच बल्लेबाजों को सपोर्ट करती है। यहां बाउंस और स्पीड अच्छी रहती है, जिससे स्ट्रोक खेलना आसान हो जाता है। स्क्वायर और स्ट्रेट बाउंड्रीज थोड़ी छोटी हैं। इस मैदान पर टीमों ने 5.13 के रन रेट से रन बनाए हैं, जो मौजूदा टूर्नामेंट के सभी पांच वेन्यू में सर्वाधिक है। इसलिए सेमीफाइनल मुकाबला हाई-स्कोरिंग होने की उम्मीद है। 25% बारिश की आशंका 4 फरवरी को हरारे में मौसम आमतौर पर साफ रहने की उम्मीद है, हालांकि हल्के बादल छाए रह सकते हैं। तापमान 15 से 28 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। मैच के दौरान बारिश की 25% आशंका जताई गई है। दोनों टीमों की पॉसिबल प्लेइंग-11 भारत: आयुष म्हात्रे (कप्तान), आरोन जॉर्ज, वैभव सूर्यवंशी, विहान मल्होत्रा, अभिज्ञान कुंडू (विकेटकीपर), वेदांत त्रिवेदी, आरएस अंब्रिश, कनिष्क चौहान, खिलन पटेल, हेनिल पटेल और दीपेश देवेन्द्रन। अफगानिस्तान: महबूब खान (कप्तान), उस्मान सादात, खालिद अहमदजई, फैजल शिनोजादा, उजैरुल्लाह नियाजई, अजीजुल्लाह मियाखिल, अब्दुल अजीज, रूहुल्लाह अरब, नूरिस्तानी उमरजई, वहीदुल्लाह जादरान, और अकील खान। मैच कहां देखें? भारत और अफगानिस्तान के बीच होने वाले इस मुकाबले का लाइव ब्रॉडकास्ट स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर किया जाएगा। वहीं, जियोहॉटस्टार पर मैच की लाइव स्ट्रीमिंग उपलब्ध रहेगी। इसके अलावा, दैनिक भास्कर एप पर भी मैच से जुड़े लाइव अपडेट्स और प्रमुख खबरें देखी जा सकती हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *