क्यूआर कोड से ली पेड़ों की जानकारी, पब्लिक पार्क लाइब्रेरी का नि​रीक्षण

भास्कर संवाददाता | चूरू जिला प्रशासन, वन विभाग, छापर नगरपालिका और संप्रति फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में जिले के तालछापर वन्यजीव अभ्यारण में एक व दो फरवरी को बर्ड फेस्टिवल- 2025 का आयोजन होगा। कलेक्टर अभिषेक सुराणा ने रविवार को राष्ट्रीय पक्षी दिवस के मौके पर नेचर पार्क में बर्ड फेस्टिवल के पोस्टर व कैलेंडर का विमोचन किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि बर्ड फेस्टिवल के आयोजन का उद्देश्य पक्षियों की लुप्त होती प्रजातियों का संरक्षण और वन्यजीवों के बारे में आमजन में जागरूकता पैदा करना है। फेस्टिवल आयोजन से जैव विविधता और प्रकृति की विविधताओं से रूबरू होने का अवसर तो मिलेगा ही, साथ ही विभिन्न प्रतियोगिताएं होने से प्रतिभाओं के हुनर को भी मंच मिलेगा। उन्होंने बताया कि तालछापर अभ्यारण काले हरिणों सहित अपनी जैव विविधता के लिए एशिया में अपनी अलग पहचान रखता है। ताल छापर में 300 से अधिक प्रवासी पक्षी आते हैं। आयोजन से इन पक्षियों के संरक्षण की दिशा में जागरूकता बढ़ेगी। कलेक्टर ने आयोजन को लेकर चर्चा कर विस्तृत रूपरेखा और तैयारियों के लिए निर्देशित किया। डीसीएफ भवानी सिंह ने बर्ड फेस्टिवल में आयोजित होने वाली गतिविधियों की जानकारी दी। छापर नगरपालिका ईओ सहदेव दान चारण ने आयोजन की जानकारी दी। इस मौके पर मुदित तिवारी, अनिल, राजेंद्र सिंह, समुद्र सिंह, गजेंद्र सिंह, बाबूलाल, अरुण कुमार सहित अन्य उपस्थित थे। इस मौके पर कलेक्टर सुराणा ने नेचर पार्क में पेड़ों पर लगाए गए क्यूआर कोड को स्कैन कर पेड़ों की जानकारी ली। उन्होंने नवाचार की सराहना करते हुए बताया कि नेचर पार्क में आने वाले आगंतुक क्यूआर कोड स्कैन कर पेड़ों के नाम, वैज्ञानिक नाम, उपयोग व महत्व सहित कई जानकारी प्राप्त कर सकेंगे। इस मौके पर कलेक्टर ने पार्क में चूरू नगर परिषद की तरफ से लगाई गई पब्लिक पार्क लाइब्रेरी का भी अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि यह नवाचार शहरवासियों के लिए एक सामाजिक प्रयोग है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *