क्रशर संचालक विनोद अग्रवाल, प्रवीण अग्रवाल भगोड़ा घोषित:पहाड़ी कोरवा के आत्महत्या का मामला, बलरामपुर एसपी ने घोषित किया 10 हजार का इनाम

बलरामपुर जिले के ग्राम भेस्की में भू-माफिया और क्रशर संचालक की प्रताड़ना से तंग आकर बुजुर्ग पहाड़ी कोरवा के आत्महत्या मामले में बलरामपुर पुलिस ने क्रशर संचालक भाईयों को भगोड़ा घोषित किया है। फरार क्रशर संचालकों व अन्य दो आरोपियों की सूचना देने वाले पर बलरामपुर एसपी ने 10 हजार रुपए का इनाम घोषित किया है। आरोपियों के खिलाफ राजपुर थाने में धोखाधड़ी और पहाड़ी कोरवा को आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करने का अपराध दर्ज है। जानकारी के मुताबिक, 22 अप्रैल को भेस्की निवासी भइरा कोरवा (65) ने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। भइरा कोरवा को क्रशर संचालक विनोद अग्रवाल उर्फ मघु, प्रवीण अग्रवाल और साथियों द्वारा मारने-पीटने और जमीन खाली करने के लिए लगातार धमकाया जा रहा था। इसके अलावा, जमीन से जुड़ी एक फर्जी रजिस्ट्री के मामले में की गई शिकायत को वापस लेने का भी उन पर दबाव डाला जा रहा था। धोखाधड़ी कर कराई थी रजिस्ट्री
नवंबर 2024 में विनोद अग्रवाल और प्रवीण अग्रवाल ने भइरा कोरवा की पत्नी जुबारो बाई के नाम दर्ज संयुक्त खाते की लगभग 6 एकड़ जमीन को फर्जी तरीके से रजिस्ट्री करवा ली। यह रजिस्ट्री राजपुर तहसील कार्यालय में शिवाराम नगेसिया, निवासी ग्राम नवकी, थाना राजपुर के नाम कराई गई थी। फर्जी तरीके से विशेष संरक्षित कोरवा जनजाति परिवार के संयुक्त खाते की जमीन रजिस्ट्री कराने के मामले में पुलिस ने क्रशर संचालकों, पटवारी, पंजीयक सहित अन्य के खिलाफ अपराध दर्ज किया था। बाद में आरोपियों के खिलाफ पहाड़ी कोरवा को आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करने के आरोप में धारा 108 का जुर्म दर्ज किया गया है। फरार आरोपियों पर इनाम घोषित
बलरामपुर पुलिस द्वारा मामले में मुख्य आरोपी विनोद अग्रवाल एवं प्रवीण अग्रवाल के साथ ही पटवारी राहुल सिंह एवं महेंद्र कुमार गुप्ता को फरार घोषित किया गया है। बलरामपुर एसपी वैभव बैंकर ने आरोपियों का सुराग देने वालों को 10 हजार रुपये इनाम देने की घोषणा की है। फरार आरोपियों की जानकारी एसपी, एडिशनल एसपी, पुलिस कंट्रोल रुम बलरामपुर या बरियों चौकी प्रभारी को दी जा सकती है। 6 आरोपियों की अब तक गिरफ्तारी
मामले में पुलिस ने क्रशर संचालकों के बड़े भाई महेंद्र अग्रवाल, निवासी राजपुर, सहयोगी अमित कुमार गुप्ता निवासी बलरामपुर, पटवारी रजाउल हसन निवासी उदारी, लुंड्रा, शिवा राम नगेशिया, उदय शर्मा एवं कमला को गिरफ्तार किया गया है। सभी आरोपी जेल भेज दिए गए हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *