क्राइम पेट्रोल-सावधान इंडिया देखकर कर दी पत्नी की हत्या:इंदौर में बुजुर्ग बच्चों से कहता था- तेरी मां को मार दूंगा; पुलिस बोली- सीरियल ने उकसाया

इंदौर में पत्नी की हत्या करने के बाद सुसाइड करने वाले बुजुर्ग ताराचंद खत्री बीते कई साल से क्राइम पेट्रोल और सावधान इंडिया जैसे सीरियल देखते थे। वह बच्चों से कहते थे- तेरी मां को चाकू मार दूंगा। कैंची मारकर हत्या कर दूंगा। एडिशनल पुलिस कमिश्नर अमित सिंह ने बताया- ताराचंद 20 साल से कोई काम नहीं कर रहे थे। वे अपने घर पर ही रहते थे। बेटे व्यापार करते हैं, वही उनका खर्च उठा रहे थे। ताराचंद बीड़ी और शराब पीया करते थे। क्राइम सीरियल देखने की वजह से उनमें हिंसात्मक प्रवृत्ति बढ़ गई थी इसलिए घर वालों ने घर में सीसीटीवी कैमरे लगा दिए थे। मामला इंदौर के अन्नपूर्णा इलाके में सिल्वर पैलेस कॉलोनी का है। यहां 04 अप्रैल को ताराचंद खत्री (70) ने अपनी पत्नी सीमा खत्री (65) की कैंची मारकर हत्या कर दी। फिर घर की चौथी मंजिल से कूदकर खुदकुशी कर ली। बेटी से बोले- तुम नीचे जाकर देखो
एडिशनल पुलिस कमिश्नर अमित सिंह ने कहा- ताराचंद के बेटे हरीश की जूते की दुकान है। शुक्रवार सुबह वह दुकान पर चला गया था। बहू कचरा फेंकने घर से बाहर आई थी। सास सीमा की आवाज सुनकर वह अंदर की तरफ दौड़ी। देखा कि ससुर ताराचंद ने सास पर कैंची से हमला किया था। उसने बीच-बचाव किया तो ताराचंद सीढ़ी की तरफ भागे। छत पर जाकर उन्होंने नीचे छलांग लगा दी। घटना के समय ताराचंद की एक बेटी तीसरे फ्लोर पर थी। आवाज सुनकर वह भी नीचे की तरफ दौड़ी। रास्ते में ताराचंद ने कहा- तुम नीचे जाकर देखो। क्रिमिनल एक्टीविटीज ने उकसाया होगा
सिंह ने कहा- ताराचंद हिंसात्मक प्रवृत्ति के थे। वे जो सीरियल देखते थे, उनमें क्रिमिनल एक्टिविटीज को दिखाया जाता है। ऐसी चीजों ने उन्हें उकसाया होगा। संभवत: यही कारण रहा कि उन्होंने अपनी पत्नी की हत्या कर दी। उन्हें पता था कि क्रिमिनल का क्या हश्र होता है। इन बातों को देखते हुए अपराध करने के बाद उन्होंने आत्महत्या कर ली। बेटा बोला- सुबह से रात तक क्राइम सीरियल देखते थे
ताराचंद खत्री के बेटे हरीश ने बताया- पिता के लिए घर में एक अलग रूम था। वहां सीसीटीवी कैमरा लगा रखा था। वे रोजाना सुबह से लेकर रात तक क्राइम पेट्रोल जैसे सीरियल देखते रहते थे। वे 15-20 साल से घर पर ही थे। इसके पहले राजवाड़ा के पास होजयरी की दुकान थी। हमने उनके लिए बीड़ी के कई पैकेट भी घर में लाकर रखे थे। हरीश ने कहा- कुछ साल पहले शराब पीने के पैसों के लिए पिता जी ने घर का एलपीजी सिलेंडर बेच दिया था। वो आए दिन बीड़ी के लिए पैसे मांगते थे इसलिए घर पर बीड़ी के कई पैकेट लाकर रख दिए थे। रोज उन्हें एक पैकेट और माचिस दी जाती थी। बेटे ने बताया कि काफी समय से पिता का व्यवहार ऐसा ही था। कई बार लोगों ने कहा कि उन्हें घर से निकाल दो, पर उन्हें नहीं निकाला। अगर निकाल दिया होता, तो यह घटना ही नहीं होती। मामले से जुड़ी ये खबर भी पढ़िए… पत्नी की हत्या, फिर चौथी मंजिल से कूदकर दी जान इंदौर में एक बुजुर्ग ने पत्नी की कैंची मारकर हत्या कर दी। इसके बाद चौथी मंजिल से कूदकर अपनी जान दे दी। दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहा-सुनी हुई थी। घटना शुक्रवार दोपहर अन्नपूर्णा इलाके के सिल्वर पैलेस कॉलोनी की है। पड़ोसी दंपती को अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस बहू, बेटे और पड़ोसियों से पूछताछ कर रही है। पढ़ें पूरी खबर…

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *