क्रिकेट विवाद ने लिया हिंसक रूप, 6 लोग घायल:बोकारो में पड़ोसियों ने घर में घुसकर किया हमला, दोनों पक्षों ने कराया मामला दर्ज

बोकारो जिले के भोजूडीह ओपी क्षेत्र के पोलकिरी भोजूडीह गांव में मंगलवार सुबह एक परिवार पर पड़ोसियों ने धारदार हथियारों से हमला कर दिया। इस हमले में परिवार के छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों की पहचान अनुज कुमार ठाकुर, निलेश ठाकुर, किशोर ठाकुर, मनोज ठाकुर, गोपाल ठाकुर, सावित्री देवी और प्रतिमा देवी के रूप में हुई है। हमले में पुरुषों और महिलाओं दोनों को गंभीर चोटें आई हैं। दोनों पक्षों के बीच समझौता भी हो गया था पीड़ित परिवार के अनुसार, सोमवार शाम पोलकिरी भुजुडीह गांव के क्रिकेट ग्राउंड के पास दो बच्चों के बीच मामूली विवाद हुआ था। गांव के मुखिया की मौजूदगी में उसी रात इस विवाद को सुलझा लिया गया था और दोनों पक्षों के बीच समझौता भी हो गया था। मंगलवार सुबह 8 से 10 हमलावर अनुज कुमार ठाकुर के घर पहुंचे। आरोप है कि वे चाकू, लाठी-डंडा और कुल्हाड़ी से लैस थे। हमलावरों ने घर में घुसकर परिवार के सदस्यों पर हमला किया और ईंट-पत्थर भी चलाए। घटना के बाद सभी घायलों को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें धनबाद स्थित एसएनएमएमसीएच (SNMMCH) रेफर कर दिया गया। वहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है और कुछ घायलों की हालत चिंताजनक बताई जा रही है। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल पीड़ित पक्ष ने अनूप ठाकुर, अंजन ठाकुर, शंकर ठाकुर सहित कई अन्य लोगों पर घर में घुसकर हमला करने का आरोप लगाया है। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है। भोजूडीह ओपी प्रभारी कुंदन कुमार ने बताया कि दोनों पक्षों की ओर से एफआईआर दर्ज की गई है। एक पक्ष से 11 और दूसरे पक्ष से 7 लोगों को नामजद किया गया है। उन्होंने बताया कि घायलों का इलाज जारी है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *