जैसलमेर जिले में मिशनरी स्कूलों में धर्मांतरण एवं हिंदू धर्म के अपमान के खिलाफ विश्व हिंदू परिषद ने मोर्चा खोलते हुए कलेक्टर को ज्ञापन दिया। जिला कलेक्टर प्रताप सिंह को विश्व हिंदू परिषद के प्रतिनिधियों ने ज्ञापन देकर मिशनरी स्कूलों में क्रिसमस के नाम पर बच्चों को सांता क्लोज आदि बनाकर धर्मांतरण का विरोध जताया। इस मौके पर विश्व हिन्दू परिषद के कई प्रतिनिधि मौजूद रहे। विश्व हिंदू परिषद के जिला मंत्री एडवोकेट लालूसिंह सोढ़ा ने बताया कि जैसलमेर जिला मुख्यालय पर दो मिशनरी स्कूलें है सेंटपॉल और इमोनुअल मिशन स्कूल। जिनमें प्रतिवर्ष 25 दिसंबर को क्रिसमस डे के दिन ईसाई धर्म के सबसे बड़े धार्मिक आयोजन किया जा रहा है। इन स्कूलों में धर्मांतरण के लिए प्रेरित किया जाता है। स्कूल पढ़ने वाले कुल विद्यार्थियों में 98% विद्यार्थी हिंदू धर्म के है, लेकिन कभी भी कोई हिंदू त्योहार (राम नवमी, कृष्ण जन्माष्टमी, दीपावली, होली, रक्षाबंधन आदि) नहीं मनाए जाते है। विद्यार्थियों और अभिभावकों से ज्ञात हुआ है कि फिलहाल आने वाले क्रिसमस डे के अवसर पर अपने स्कूल द्वारा नाबालिग विद्यार्थियों को सेंटा क्लोज बनने के लिए दबाव डालकर मजबूर किया जा रहा है, जो की कतई न्यायोचित नहीं है। सांता क्लोज बनाने पर एतराज
लालू सिंह ने बताया- धार्मिक आयोजन का शिक्षा तथा विद्यार्थियों से कोई संबंध नहीं होते हुए भी उनको उस आयोजन में भाग लेने को मजबूर किया जाता है, जिस कार्यक्रम में सेंटा क्लॉज बनने वाले विद्यार्थियों के अभिभावकों से कोई लिखित में स्वीकृति नहीं ली जाती है। क्रिसमस डे के दिन दोनों स्कूलों में पूर्ण रूप से ईसाई धर्म प्रचार-प्रसार तथा धर्मांतरण के लिए प्रेरित करने हेतु धार्मिक आयोजन किया जाता है, उक्त आयोजन में ईसाई धर्म को श्रेष्ठ एवं हिंदू धर्म के देवी देवताओं के प्रति घृणा/अपमान करने का कार्य कारित होता है। आंदोलन की चेतावनी दी
वीएचपी के प्रतिनिधियों ने बताया- ईसाई अपना त्योहार धूमधाम से मनाएं, परन्तु हिन्दू धर्म के प्रति अप्रिय सोच विचार के साथ नहीं मनाएं। दोनों विद्यालयों में शिक्षा कम तथा धार्मिक शिक्षा, धर्मांतरण के लिए प्रोत्साहन, प्रलोभन, प्रेरित, हिंदू धर्म का अपमान करने का कार्य किया जाता है जो कि भारतीय न्याय संहिता की धारा 298, 299, 300 व 302 के अंतर्गत अपराध की श्रेणी में आता है। इसलिए कलेक्टर से आग्रह किया कि आगामी क्रिसमस डे के आयोजन पर हिंदू धर्म के विद्यार्थियों को सेंटा क्लोज नहीं बनाये, हमारे हिंदू धर्म का तथा देवी-देवताओं का अपमान नहीं करें एवं यहां के बहुसंख्यक हिंदू समाज की भावनाओं को ध्यान रखें। दोनों विद्यालयों को इस प्रकार का कृत्य नहीं करने के लिए पाबंद करें अन्यथा स्कूलों के विरुद्ध विधिक कार्यवाही करें अन्यथा हिंदू समाज जन जागरण कर आंदोलन करेंगे।
इस अवसर पर नटवर व्यास जिलाध्यक्ष विहिप, विमल गोपा, संजय दयाल जिला सहमंत्री, चौथसिंह जिला सेवा प्रमुख, शंभुसिंह सोढ़ा, लीलाराम और हिंदूसिंह आदि मौजूद रहे।


