जयपुर के चौगान स्टेडियम में रविवार को क्रीड़ा भारती जयपुर महानगर द्वारा सूर्य सप्तमी के अवसर पर विशाल सामूहिक सूर्य नमस्कार कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में परकोटे के करीब 600 निवासियों ने भाग लिया, जिनकी उम्र 7 से 75 वर्ष के बीच थी। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन से हुआ। महानगर योग प्रमुख रवि शर्मा और सह योग प्रमुख अजिता ने मंत्रोच्चार के साथ सूर्य नमस्कार का अभ्यास करवाया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में हवा महल विधायक बालमुकुंद आचार्य, हेरिटेज नगर निगम की महापौर कुसुम यादव उपस्थित रहीं। विधायक बालमुकुंद आचार्य ने अपने संबोधन में कहा कि यह कार्यक्रम समाज को संस्कृति से जोड़ने का कार्य करता है। क्रीड़ा भारती के प्रांत मंत्री कैलाश, महानगर अध्यक्ष राज नारायण और महानगर मंत्री डॉ. प्रतिभा सिंह रतनू भी कार्यक्रम में मौजूद रहे। कार्यक्रम में क्रीड़ा भारती के अन्य प्रमुख पदाधिकारी जैसे राकेश शर्मा (क्षेत्रीय कोषाध्यक्ष), भीम सिंह (प्रांत क्रीड़ा केंद्र प्रमुख), शशि चाहर (मातृशक्ति प्रमुख), सतपाल (योग प्रमुख) सहित कई गणमान्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे। डॉ. प्रतिभा सिंह रतनू ने अतिथियों का स्वागत किया और कार्यक्रम के समापन पर प्रांत मंत्री कैलाश ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया।


