कॉमन लॉ एडमिशन टेस्ट (क्लेट-2026) की प्रोविजनल उत्तर तालिकाएं बुधवार शाम 5 बजे जारी की जाएंगी। द कंसोर्टियम ऑफ नेशनल यूनिवर्सिटीज द्वारा आयोजित इस राष्ट्रीय स्तरीय परीक्षा पर उदयपुर सहित देशभर के लाखों विद्यार्थियों की नजर है। उत्तर तालिकाओं के साथ ही आपत्तियां दर्ज करने की प्रक्रिया भी शुरू हो जाएगी, जिसके लिए परीक्षार्थियों को केवल 12 दिसंबर को शाम 5 बजे तक का ही समय मिलेगा। क्लेट-2026 का आयोजन 7 दिसंबर, रविवार को देश के 25 राज्यों और 4 केंद्र शासित प्रदेशों में एक साथ किया गया था। पूरी तरह करंट अफेयर्स पर आधारित रहा पेपर शिक्षा विशेषज्ञ देव शर्मा बताते हैं कि क्लेट-2026 का प्रश्नपत्र इस बार पूरी तरह करंट अफेयर्स आधारित रहा, जिसने विद्यार्थियों को बारीकी से पढ़ी गई घटनाओं पर भी दोबारा सोचने को मजबूर कर दिया। इंग्लिश और क्वांट सेक्शन अपेक्षाकृत सरल रहे, जबकि सबसे अधिक चुनौती सामान्य ज्ञान विशेषकर अंतरराष्ट्रीय मामलों वाले प्रश्नों ने दी। विशेषज्ञों के अनुसार इस बार कटऑफ पर कठिन प्रश्नों का सीधा असर देखने को मिल सकता है। लॉजिकल रीजनिंग व जीके का स्तर सबसे कठिन रहा कॉमन लॉ एडमिशन टेस्ट के चार सेक्शंस में बांटे गए पेपर में कुल 120 प्रश्न पूछे गए थे। इनमें से लॉजिकल रीजनिंग और जीके का स्तर सबसे ज्यादा कठिन माना गया। इसका असर परिणाम पर भी दिखाई दे सकता है। शिक्षा विशेषज्ञ देव शर्मा बताते हैं कि इस बार परीक्षा में महिला अभ्यर्थियों की भागीदारी पुरुषों से काफी अधिक रही। हर 100 महिला परीक्षार्थियों के मुकाबले पुरुष परीक्षार्थी मात्र 72 रहे। परीक्षा देने आए विद्यार्थियों के अनुसार पेपर का स्तर इस बार अपेक्षाकृत कठिन रहा। विशेष रूप से राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय समसामयिक घटनाओं वाले प्रश्नों ने अधिकांश को उलझाए रखा। ऑपरेशन-सिंदूर, ट्रंप-टैरिफ, अहमदाबाद विमान हादसा, चाबहार पोर्ट, एच-1बी वीजा नियमों से जुड़े प्रश्नों ने विद्यार्थियों की समझ व विश्लेषण क्षमता की गहरी परीक्षा ली।


