भास्कर संवाददाता| विदिशा दैनिक भास्कर और बेतवांचल लीग क्रिकेट टूर्नामेंट के दूसरे क्वार्टर फाइनल का पहला मुकाबला सनराइजर्स बनाम सेंट मैरी के बीच खेला गया। सनराइजर्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 8 ओवर भी पूरे नहीं किए और 48 रन पर ऑल आउट हो गए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी सेंट मैरी की टीम ने मात्र 2.2 ओवर में बिना कोई विकेट गंवाए लक्ष्य हासिल कर 10 विकेट से एकतरफा जीत दर्ज की। शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए आदित्य दांगी को मैन ऑफ द मैच चुना गया। दूसरे क्वार्टर फाइनल में मगधम स्कूल बनाम डीपीएस स्कूल के बीच जोरदार मुकाबला हुआ। पहले बल्लेबाजी करते हुए मगधम ने 105 रन का मजबूत लक्ष्य खड़ा किया। ओपनर शर्मा ने 22 गेंदों में ताबड़तोड़ 53 रन की पारी खेली, जबकि मध्यमक्रम में स्कंद शर्मा ने 19 गेंदों पर 37 रन का अहम योगदान दिया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी डीपीएस की टीम निर्धारित ओवरों में 61 रन ही बना सकी और मुकाबला गंवा दिया। अर्धशतकीय धुआंधार पारी के लिए लक्ष्य शर्मा को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया। अब शुक्रवार से सेमीफाइनल का रोमांच शुरू होगा, जहां टीमें फाइनल में जगह बनाने के लिए भिड़ेंगी। क्रिकेट टूर्नामेंट में 14 से अधिक स्कूलों की टीमों ने हिस्सा लिया है। इस तरह से शुक्रवार को दो सेमीफाइनल मैच खेले जाएंगे। इसके बाद दो विजेता के टीमों के बीच शनिवार या रविवार को फाइनल मुकाबला खेला जाएगा। फाइनल मुकाबला जीतने वाली टीम को 11000 हजार रुपए का नगद ईनाम दिया जाएगा।


