क्विज प्रतियोगिता में ग्रामीण क्षेत्र के स्कूलों का रहा बढ़िया प्रदर्शन

भास्कर न्यूज|सिमडेगा जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) के तत्वावधान में एक दिवसीय जिला स्तरीय क्विज प्रतियोगिता का आयोजन गुरुवार को किया गया। प्रतियोगिता में जिले के सभी 10 प्रखंडों से चयनित 30 विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला शिक्षा अधीक्षक सह प्राचार्य डायट दीपक कुमार राम द्वारा दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि इस तरह की शैक्षणिक प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में सहायक होती हैं। क्विज प्रतियोगिता के माध्यम से छात्रों की विषयगत एवं विषयेतर ज्ञान की परख होती है,साथ ही उनकी त्वरित निर्णय क्षमता का भी विकास होता है। क्विज प्रतियोगिता को कुल छह राउंड में आयोजित किया गया। जिसमें सामान्य ज्ञान, विज्ञान, करंट अफेयर्स एवं डिजिटल विषयों से संबंधित प्रश्न पूछे गए। प्रतियोगिता के दौरान प्रतिभागियों ने त्वरित और सटीक उत्तर देकर अपनी बौद्धिक क्षमता का परिचय दिया। प्रतियोगिता के परिणाम में प्लस टू उच्च विद्यालय बीरू ने प्रथम स्थान,पीएम श्री +2 उच्च विद्यालय कुरडेग ने द्वितीय स्थान तथा एसएस +2 उच्च विद्यालय कोलेबिरा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। सभी विजेता प्रतिभागियों को जिला शिक्षा अधीक्षक सह प्राचार्य डायट द्वारा ट्रॉफी एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। जिला स्तरीय इस क्विज प्रतियोगिता में सभी 10 प्रखंडों से चयनित तीन-तीन विद्यालयों के कुल 120 छात्र-छात्राओं तथा प्रत्येक विद्यालय से एक-एक शिक्षक ने भाग लिया। कार्यक्रम के समापन पर धन्यवाद ज्ञापन डायट संकाय सदस्य आभा एक्का द्वारा किया गया। जबकि मंच संचालन कंचन मंगला किंडो ने किया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में सुनील कुमार गुप्ता, पीयूस लकड़ा एवं अनिल कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *