जयपुर में रविवार को नेशनल लेवल ब्यूटी पेजेंट क्वीन ऑफ इंडिया 2025 सीजन-4 की टॉप 30 फाइनलिस्ट मॉडल्स की घोषणा के साथ सैश सेरेमनी का आयोजन किया गया। अजमेर रोड स्थित डीसुरा क्लब एंड लाउंज में हुए इस खास आयोजन ने फैशन, आत्मविश्वास और प्रतिभा का शानदार संगम पेश किया, जहां देशभर से चुनी गई फाइनलिस्ट्स ने मंच पर अपनी मौजूदगी दर्ज कराई। कल्याण एंड सस प्रोडक्शन हाउस की ओर से आयोजित इस पेजेंट में 500 से अधिक प्रतिभागियों में से चयनित 30 मॉडल्स अब ग्रैंड फिनाले में राजस्थान का टैलेंट नेशनल फैशन मंच पर रिप्रेजेंट करेंगी। इस दौरान टॉप 30 फाइनलिस्ट मॉडल्स को आधिकारिक सैश पहनाकर सम्मानित किया गया, जिससे उनके फिनाले में पहुंचने की मुहर लगी। नेशनल डायरेक्टर मोनू वर्मा और शो ऑर्गेनाइजर युवराज सिंह ने बताया कि इस सीजन के लिए देशभर से 800 से ज्यादा मिस और मिसेज कैटेगरी की प्रतिभागियों ने रजिस्ट्रेशन कराया था। कई चरणों के ऑडिशन और चयन प्रक्रिया के बाद अब 30 मॉडल्स ग्रैंड फिनाले के लिए चुनी गई हैं। आने वाले दिनों में इन सभी फाइनलिस्ट्स के लिए पांच से सात दिन की विशेष ग्रूमिंग और टैलेंट ट्रेनिंग आयोजित की जाएगी, जिसमें वॉकिंग, कम्युनिकेशन स्किल्स, स्टाइलिंग और पर्सनैलिटी डेवलपमेंट पर फोकस रहेगा। क्वीन ऑफ इंडिया 2025 सीजन-4 का भव्य ग्रैंड फिनाले 18 दिसंबर को जेएलएन रोड स्थित होटल क्लार्क्स आमेर में आयोजित किया जाएगा। फिनाले के दौरान अलग-अलग फैशन सीक्वेंस में डिजाइनर आउटफिट्स पहनकर फाइनलिस्ट मॉडल्स रैंप पर अपनी प्रतिभा और आत्मविश्वास का प्रदर्शन करेंगी। खास बात यह है कि इस मौके पर बॉलीवुड अभिनेत्री जरीन खान बतौर सेलिब्रिटी जज शिरकत करेंगी। सैश सेरेमनी के दौरान पेजेंट की पूर्व विनर्स दिव्यांशा, पलक मिश्रा, योगिता सांखला और ऊर्जा पटेल भी मौजूद रहीं, जिन्होंने फाइनलिस्ट्स का उत्साह बढ़ाया और अपने अनुभव साझा किए।


