भास्कर न्यूज | सुकमा जिले के ग्राम कुकानार में हिंदू क्षत्रिय वाहिनी ने होली मिलन समारोह का आयोजन किया। इसके साथ ही संगीतमय फाग उत्सव भी मनाया। कार्यक्रम में जिलेभर से क्षत्रिय समाज के लोग दुर्गा मंदिर प्रांगण में जुटे और अवध के फाग गीतों के साथ एक-दूसरे से मिलकर शिष्टाचार भेंट की। समाज के लोगों ने रंग-गुलाल लगाकर एक-दूसरे को होली की बधाई दी। युवाओं ने बड़ों का आशीर्वाद लिया, वहीं बुजुर्गों ने उन्हें अपनी संस्कृति और परंपरा को संरक्षित रखने प्रेरित किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समाज के लोगों ने हिस्सा लिया। फाग गीतों व रंग-गुलाल के बीच समाज में सौहार्द्र और उमंग का माहौल देखने को मिला। संगठन के जिलाध्यक्ष अशोक सिंह चौहान ने बताया कि जिले में क्षत्रिय समाज का एक विशिष्ट स्थान है। जिले के कोंटा से लेकर तोंगपाल और गादीरास तक क्षत्रिय समाज के लोग रहते हैं। समाज का उद्देश्य केवल पर्व मनाना नहीं, बल्कि युवा पीढ़ी के बीच अपनी संस्कृति, सभ्यता, भाषा-बोली व क्षत्रिय धर्म को जीवित रखना है, ताकि समाज में एकजुटता रहे और देशसेवा में वे अपना सर्वश्रेष्ठ योगदान दे सकें। इस दौरान सुखदेव सिंह चौहान, जितेंद्र सिंह चौहान, रामफेर सिंह राठौर, राजेंद्र सिंह भदौरिया, शंकर सिंह भदौरिया, वीरेंद्र सिंह चौहान सहित अन्य मौजूद थे।


