भास्कर न्यूज | धालभूमगढ़ कोकपाड़ा पंचायत के नलदोहा गांव में सोमवार को आदिवासी सोशियल एसोसिएशन नलदोहा की ओर से पंडित रघुनाथ मुर्मू की 120वीं जयंती धूमधाम से मनाई गई। मुख्य अतिथि के रूप में शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन शामिल हुए। उन्होंने कहा, ओलचिकी लिपि के जनक पंडित रघुनाथ मुर्मू ने आदिवासी समाज को अलग पहचान दी है। उनकी जयंती पर राज्य सरकार ने अवकाश घोषित किया है। मंत्री ने कहा, क्षेत्रीय भाषा की पढ़ाई के लिए स्कूलों में 10 हजार शिक्षकों की बहाली जल्द होगी। इसके लिए सर्वे पूरा हो चुका है। इसके अलावा राज्य में 26 हजार और शिक्षकों की नियुक्ति की जाएगी। क्षेत्रीय भाषा के शिक्षकों की सीधी बहाली होगी। स्कूलों में क्षेत्रीय भाषा की पढ़ाई से भाषाओं का लोप नहीं होगा। विद्यार्थी अपनी भाषा में भी पढ़ाई कर सकेंगे। मौके पर झामुमो के प्रखंड अध्यक्ष अर्जुन चंद्र हांसदा, जगदीश भकत, नरेन सोरेन, धीरेंद्र पाल, पंचायत समिति सदस्य प्रदीप कुमार राय, मुखिया विक्रम टुडू, काजल डन, सुबोध मुर्मू सहित कई लोग मौजूद थे।


