खंडवा कलेक्टर के बंगले के भीतर रविवार शाम के समय एक कोबरा प्रजाति का सांप निकला। परिसर में सांप के दिखने के बाद कर्मचारियों ने वन विभाग को सूचना दी। मौके पर वनकर्मी पहुंचा तब तक सांप पानी की टंकी के नीचे छिप गया। कलेक्टर के गनमैन और कर्मचारियों ने मशक्कत कर टंकी को जगह से हटाया, तब जाकर सांप फनफना कर बाहर आया। जिसे पकड़ लिया गया। पंचर दुकान में सांप दिखाई दिया
इधर, दोपहर के समय इंदिरा चौक स्थित बीजेपी दफ्तर के पास एक पंचर दुकान में सांप दिखाई दिया। पूर्व पार्षद बलराम वर्मा की सूचना पर वनकर्मी मलखान सिंह मौके पर पहुंचा और कंप्रेशर मशीन के नीचे छिपे हुए सांप को हाथ में पकड़कर बाहर निकाला। यह सांप दमन-दीव प्रजाति का था। वनकर्मी मलखान सिंह के मुताबिक, शहर में रोजाना 8 से 10 सांप निकलते हैं। जिन्हें रेस्क्यू कर जिमखाना मैदान के सामने स्थित विभागीय कार्यालय पर लाकर इकट्ठा किया जाता है। इसके बाद सांपों को शाम के समय नागचून के आगे टिटगांव के जंगलों में छोड़ दिया जाता हैं। खंडवा में अब तक करीब 50 प्रजाति के सांप निकल चुके हैं।


