खंडवा जिले के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खालवा में प्रसूता के परिजनों से रुपए मांगने के मामले में जिला प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। कलेक्टर ऋषव गुप्ता ने एक नर्सिंग ऑफिसर को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है, जबकि दूसरी नर्सिंग ऑफिसर के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई के लिए राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) भोपाल को प्रस्ताव भेजा गया है। बताया गया कि ग्राम गोमुखधाना निवासी फूलवती पति संतोष काजले के प्रसव के बाद नर्सिंग ऑफिसर वर्षा वैद्य और राधा चौहान द्वारा परिजनों से रुपए की मांग की गई थी। इधर, कलेक्टर ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खालवा में पदस्थ नर्सिंग ऑफिसर वर्षा वैद्य को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के आदेश जारी किए हैं। निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पुनासा निर्धारित किया गया है। उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ते की पात्रता रहेगी। राधा चौहान पर अनुशासनात्मक कार्रवाई का प्रस्ताव इसके अलावा संविदा नर्सिंग ऑफिसर राधा चौहान के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई के लिए एनएचएम भोपाल के मिशन संचालक को प्रस्ताव भेजा गया है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. ओपी जुगतावत ने बताया कि राधा चौहान को आगामी आदेश तक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खालवा से हटाकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र किल्लौद में कार्य करने के आदेश दिए गए हैं।


