एसआईआर सर्वे के बाद वोटर लिस्ट का फायनल ड्रॉफ्ट मंगलवार को जारी किया गया। इस दौरान खंडवा जिले में राजनीतिक प्रतिनिधियों को बुलाकर उन्हें डेटा दिया गया। सर्वे के दौरान, खास बात यह रही कि जिले में 86 हजार से ज्यादा वोटर कम हो गए हैं। वोटर्स कम होने की अलग-अलग वजह बताई गई हैं। फिलहाल 22 जनवरी तक दावे-आपत्ति बुलाए गए है। इसके बाद वोटर लिस्ट का 21 फरवरी को अंतिम प्रकाशन होना हैं। 22 जनवरी तक दावा आपत्ति कर सकेंगे
भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्वाचन नामावलियों के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम किया गया है। उप जिला निर्वाचन अधिकारी दिनेश सावले ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार दावे-आपत्ति दर्ज करने का कार्य 23 दिसंबर से 22 जनवरी 2026 के बीच किया जाएगा। आपत्तियों का निपटान निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी द्वारा 14 फरवरी तक किया जाएगा। इसके बाद निर्वाचक नामावली का अंतिम प्रकाशन 21 फरवरी को होगा। जिले में कुल 86 हजार 193 मतदाता कम हो गए उपजिला निर्वाचन अधिकारी सावले ने बताया कि 27 अक्टूबर की स्थिति में जिले में कुल 10 लाख 29 हजार 806 मतदाता थे। जो कि आज की स्थिति में घटकर 9 लाख 43 हजार 613 हो गए हैं। इस तरह 86 हजार 193 मतदाता विभिन्न कारणों से कम हुए हैं। प्रारूप मतदाता सूची में जो मतदाता कम हुए हैं, उनमें 18 हजार 956 मृत होने के कारण, 7 हजार 548 अनुपस्थित होने के कारण हैं। बाकी 50 हजार 784 स्थाई रूप से अन्यत्र शिफ्ट होने के कारण, 8 हजार 782 एक से अधिक स्थानों पर दर्ज होने के कारण व 123 मतदाता अन्य कारणों से कम हुए हैं। बैठक में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को प्रारूप निर्वाचक नामावली की हार्ड कॉपी एवं सीडी में सॉफ्ट कॉपी प्रदान की गई। राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से कहा गया कि जो युवा 1 जनवरी 2026 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर रहे हैं, उन्हें निर्वाचक नामावली में नाम जुड़वाने के लिए प्रेरित करें। 181 नए मतदान केंद्र बनाए, कुल 1247 हो गए जिले में 27 अक्टूबर 2025 को कुल 1066 मतदान केंद्र थे। आयोग के नए प्रावधानों के तहत अब 1500 के स्थान पर 1200 मतदाताओं पर एक मतदान केंद्र स्थापित किया जाना हैं। इस प्रावधान का पालन करते हुए जिले में कुल 181 मतदान केंद्र नए बनाए गए हैं। इनमें मांधाता विधानसभा क्षेत्र में 28, हरसूद विधानसभा क्षेत्र में 41, खंडवा विधानसभा क्षेत्र में 59, और पंधाना विधानसभा क्षेत्र में 53 मतदान केंद्र नए बनाए गए हैं। इस तरह जिले में अब कुल 1247 मतदान केंद्र हो गए हैं। जिसमें मांधाता विधानसभा क्षेत्र में 280, हरसूद विधानसभा क्षेत्र में 298, खंडवा विधानसभा क्षेत्र में 324 तथा पंधाना विधानसभा क्षेत्र में 345 मतदान केंद्र शामिल हैं।


