खंडवा में 24 घंटे के भीतर फिर से मौसम बदलाव देखने को आया हैं। रविवार के दिन जहां दोपहर तक कोहरा छाया रहा, रातभर सर्द हवाएं चलती रही। वहीं आज सोमवार सुबह 8 बजे ही कोहरा छट गया। सुबह 10 बजे बाद धूप खिल आई, जो अब तक बरकरार है। हालांकि, हवा के कारण मौसम सर्द बना हुआ हैं। जिससे कि ठिठुरन भी बढ़ी हुई है। ओंकारेश्वर में स्नान के लिए 40 हजार श्रद्धालु पहुंचे तीर्थनगरी ओंकारेश्वर में कड़ाके की ठंड और घने कोहरे के बावजूद श्रद्धालुओं की आस्था में कोई कमी नहीं आई है। नर्मदा घाटों पर सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ रही। नर्मदा स्नान कर ओंकार महाराज के जयकारे लगाते हुए श्रद्वालु मंदिर पहुंचे और दर्शन किए। सर्द मौसम के बीच सोमवार सुबह तक श्रद्वालुओं का आंकड़ा 40 हजार रहा है। कोहरे और बादल छाने से फसलें 30% तक प्रभावित इधर, दो दिन से कोहरे एवं खराब मौसम से प्याज, गेहूं व चना सहित तरबूज की फसल प्रभावित होने की संभावना बनी हुई है। कोहरे एवं खराब मौसम से गेहूं, चने में इल्ली (फसल खाने वाले कीट), मच्छर का प्रकोप देखा जा रहा है। जिससे गेहूं, चने की फसल पीली पड़ रही है। इस खराब मौसम से लगभग 30% उत्पादन पर प्रभाव पड़ेगा। संयुक्त कृषक संगठन खंडवा जिला मंत्री जय पटेल ने बताया कीट प्रकोप के कारण प्याज, आलू एवं सब्जी वाली फसलों को नुकसान होगा, जिससे फसल उत्पादन कम होगा और किसान की लागत भी बढ़ेगी। आने वाले दिनों में घना कोहरा छाएगा
मौसम विशेषज्ञ डॉ. सौरव गुप्ता के अनुसार, उत्तर भारत में लगातार बर्फबारी और शीतलहर का असर देखने को मिल रहा है। आगामी दिनों में मध्यम से घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। दिन का तापमान 24 से 28 डिग्री व रात का तापमान 5 से 9 डिग्री के बीच रह सकता है। रविवार को दिन का तापमान 22.5 डिग्री और रात का तापमान 9.0 डिग्री सेल्सियस रहा। एक दिन पहले दिन का तापमान 27.5 डिग्री और रात का तापमान 10.0 डिग्री सेल्सियस था। इस तरह दिन और रात के तापमान में सिर्फ 13.5 डिग्री का अंतर रह गया।


