खंडवा में शनिवार देर शाम थाना पदमनगर क्षेत्र में एक हादसा हो गया। हिट एंड रन से जुड़ी इस घटना में कार ने तीन बच्चों को कुचल दिया। गनीमत है कि कोई भी बच्चा गंभीर नहीं है। कार एक सीड्स कारोबारी की है, जिसे एक फ्लैक्स कारोबारी ड्राइव करने बैठा था कि उसने चाय की टपरी पर चढ़ा दी। फिलहाल, ड्राइवर की पहचान नहीं हो पाई है। बताते है कि ड्राइवर को कार के ऑटोमेटिक फीचर्स के बारे में जानकारी नहीं थी। घटना शाम 6 बजे के करीब नक्षत्र गार्डन के पास हुई। सूचना मिलते ही पदमनगर पुलिस मौके पर पहुंची। आक्रोशित भीड़ को समझाइश देकर पुलिस ने कार को जब्त कर क्रेन मशीन की मदद से थाने में खड़े कराया। वहीं, कार की चपेट में आए तीनों बच्चों को इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा। जहां चेकअप के बाद डॉक्टरों ने तीनों बच्चों को भर्ती कर लिया। एक बच्चे को पेट और दो बच्चों को पैरों में चोंट आई है। तीनों चाय की टपरी के अंदर बैठे थे। उधर, कार बेकाबू हुई और टपरी के ऊपर चढ़ गई। चाबी लगाते ही स्टार्ट हुई, फिर टपरी पर चढ़ी
मौके पर पहुंचे थाना पदमनगर के एसआई वीरेंद्र कुमार अहिरवार ने बताया कि कार को घटनास्थल पर लोगों ने बताया कि कार ड्राइवर ने चाबी लगाई और स्टार्ट की, इतने में कार बेकाबू होकर टपरी पर चढ़ गई। उक्त कार केडी मेहता के नाम से रजिस्टर्ड है। बता दें कि केडी मेहता निमाड़ क्षेत्र के सबसे बड़े सीड्स (केडीएम) कारोबारी हैं। पुलिस का कहना है कि ड्राइवर और कार मालिक को थाने बुलाया है। फिलहाल, जांच चल रही हैं। इन बच्चों को आई चोंट, इलाज चल रहा हादसे में तीन बच्चे घायल हुए है। जिनकी पहचान शिवराज पिता भगवान यादव (17) निवासी संतोषी माता मंदिर के पीछे, जुनेद पिता खालिद (17) निवासी छिपा कॉलोनी, राजकुमार पिता लालचंद गौड़ (14) निवासी सुंदरनगर (चीराखदान) के रूप में हुई है। सभी का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा हैं।


