खंडवा में लव जिहाद के आरोपी का घर जमींदोज:दलित युवती ने की थी खुदकुशी, चाचा का मकान भी तोड़ा; प्रशासन ने बताया अतिक्रमण

खंडवा के हरसूद में प्रशासन ने ‘लव जिहाद’ और आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोपी अरबाज शाह और उसके चाचा के मकान पर बुलडोजर चला दिया। गुरुवार सुबह राजस्व, नगर परिषद और पुलिस की मौजूदगी में जेसीबी से यह कार्रवाई की गई। आरोपी पर एक दलित युवती को प्रताड़ित करने का आरोप है, जिसने तंग आकर खुदकुशी कर ली थी। प्रशासन ने मकान को सरकारी जमीन पर अतिक्रमण बताया है। जानकारी के अनुसार, हरसूद निवासी 18 वर्षीय दलित युवती ने आरोपी अरबाज की प्रताड़ना से तंग आकर 29 अक्टूबर को जहर खाकर जान दे दी थी। इस घटना के बाद हिंदू संगठनों और समाज के लोगों ने थाने का घेराव कर विरोध प्रदर्शन किया था और मकान तोड़ने की मांग की थी। आरोपी पर लव जिहाद और एट्रोसिटी का केस
दबाव और जांच के बाद पुलिस ने आरोपी अरबाज शाह पर लव जिहाद, एट्रोसिटी एक्ट और आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया था। इस मामले को लेकर क्षेत्र में पहले भी तनाव की स्थिति बन चुकी है। 3 हफ्ते से दे रहे थे नोटिस, सामान खाली करवाया
प्रशासन का कहना है कि आरोपी के पिता आदत शाह और चाचा नसीरूद्दीन शाह का मकान शासकीय भूमि पर अतिक्रमण कर बनाया गया था। इसे लेकर पिछले तीन हफ्तों से लगातार नोटिस जारी किए जा रहे थे, लेकिन समय-सीमा में कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला। इसके बाद गुरुवार को कार्रवाई की गई। तोड़ने से पहले घर का सामान सुरक्षित बाहर रखवाया गया। परिवार के 9 लोग भी बने हैं आरोपी
दलित युवती के सुसाइड केस में मुख्य आरोपी अरबाज शाह के अलावा उसके परिवार के 9 लोगों पर भी मारपीट की गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया गया था। पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के बाद उसके चाचा-चाची समेत अन्य 9 आरोपियों को भी गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। 14 जवानों की मौजूदगी में चला बुलडोजर
कार्रवाई के दौरान सुरक्षा के लिहाज से पुलिस लाइन खंडवा से 14 जवानों का बल तैनात किया गया था। मौके पर तहसीलदार संगीता महतो, नगर परिषद सीएमओ मोनिका पारधी और टीआई राजकुमार राठौर मौजूद रहे। राजस्व विभाग और नगर परिषद की संयुक्त टीम ने जेसीबी मशीन से अतिक्रमण हटाया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *