खंडवा के स्पा सेंटर में काम करने वाली युवतियों के साथ मारपीट की गई। युवतियों ने रात को मसाज कराने पहुंचे युवक को क्लोजिंग टाइम होने से मना किया था। इसके बाद युवक ने दोस्तों को बुलाकर स्पा सेंटर के संचालक और युवतियों को पीटना शुरू कर दिया। सूचना मिलने के बाद रात साढ़े 12 बजे पुलिस के सीनियर अधिकारी स्पा सेंटर पहुंचे। पूछताछ के बाद संचालक और युवतियों को थाने लाया गया। शिकायत पर 11 लोगों पर बलवा एक्ट में केस दर्ज किया गया है। इनमें से 7 को पुलिस ने हिरासत में लिया है। सीएसपी अभिनव बारंगे ने स्पा सेंटर का जायजा लिया। सेंटर में लगे सीसीटीवी फुटेज चेक करने के निर्देश दिए हैं। स्पा सेंटर में सीसीटीवी कैमरे लगे हैं, लेकिन मारपीट करने वाले आरोपी एलईडी टीवी तोड़कर चले गए। पुलिस ने बाहर से दो एलईडी टीवी मंगाई, लेकिन वो सपोर्ट नहीं कर पाईं। डीवीआर जब्त किया गया है। फुटेज चेक करने के बाद मारपीट करने वालों की पहचान की जाएगी। युवतियां बोलीं- आरोपी खुद को बजरंग दल का बता रहे थे
स्पा सेंटर पर काम करने वाली युवतियों ने कहा कि उनके साथ मारपीट के दौरान कुछ पुलिसकर्मी भी मौजूद थे, जिन्होंने वीडियो बनाया है। वो लोग कह रहे थे कि हम बजरंग दल से हैं और कुछ पुलिसवाले हैं। उनमें एक व्यक्ति रात के 9 बजे मसाज के लिए पहुंचा था। उस समय सेंटर बंद होने वाला था, संचालक मयूर सेन ने उसे सर्विस देने से मना कर दिया। थोड़ी देर बाद वह करीब 8 लोगों को लेकर आया और सेंटर के भीतर घुस गया। उन लोगों ने बेल्ट से पीटा और फिर भाग गए। आरोप- वो पीटते रहे, दो पुलिसवाले वीडियो बनाते रहे
मारपीट के दौरान आरोपियों ने डायल 100 को बुला लिया था। इनमें कुछ आरक्षक आरोपियों के करीबी थे। युवती ने सीएसपी से कहा कि वो लोग बेल्ट और हाथ-मुक्कों से हमें पीटते रहे और दो पुलिसवाले वीडियो बनाते रहे। पुलिस हमारी सुरक्षा के लिए है या फिर अत्याचार करने के लिए। पदमनगर टीआई बोले- जिसने गलती की है वो निपटेगा
इस बात पर सीएसपी टीआई पर भड़क गए और उन्होंने पूछ लिया कि कौन आया था यहां। वहां मौजूद एक आरक्षक ने कबूल कर लिया कि मैं पहुंचा था। सीएसपी ने आरक्षक से मोबाइल लिया और वीडियो देखे। इस बीच रामेश्वर चौकी प्रभारी सुभाष नावड़े घबरा गए। पदमनगर टीआई प्रवीण आर्य ने कहा कि जिसने गलती की है वो निपटेगा। उधर पुलिस पर आरोप लगाते हुए युवतियां रोने लगीं। सीएसपी ने कहा कि ऐसे लोगों को सस्पेंड कर देंगे। 11 आरोपियों पर बलवा, मारपीट का केस, 7 पकड़ाए
युवतियों को थाने ले जाया गया, जहां उनकी शिकायत पर एफआईआर की गई। थाना मोघट रोड टीआई धीरेश धारवाल ने बताया कि मामले में आरोपी अनुराग वर्मा, भोला, रोहित सोनकर सहित अन्य 11 लोगों के खिलाफ घर में घुसकर मारपीट करने सहित बलवा एक्ट में कार्रवाई की गई है। सीसीटीवी फुटेज चेक करने के बाद आरोपियों की पहचान हो जाएगी। बजरंग दल बोला- संगठन को बदनाम करने की साजिश
बजरंग दल के विभाग संयोजक आदित्य मेहता का कहना है कि, यह संगठन को जबरन बदनाम करने की साजिश है। आरोपियों में से कोई भी बजरंग दल से नहीं जुड़ा है। वहीं, रामेश्वर चौकी प्रभारी सुभाष नावड़े का कहना है पुलिस ने किसी तरह से आरोपियों का सहयोग नहीं किया। युवतियों ने ही डायल-100 को सूचना दी थी। पुलिस पहुंची तब तक मारपीट हो चुकी थी। पुलिस ने इन्हें हिरासत में लिया- ये खबर भी पढ़ें- भोपाल में स्पा सेंटर्स की आड़ में सेक्स रैकेट भोपाल पुलिस राजधानी के स्पा सेंटर्स पर रेड कर 35 युवतियों और 33 युवकों को गिरफ्तार किया है। बड़ी मात्रा में आपत्तिजनक सामग्री भी जब्त की गई है। क्राइम ब्रांच समेत 250 से ज्यादा पुलिसकर्मी इस कार्रवाई में शामिल रहे। बताया जा रहा है कि ग्राहकों को मोबाइल पर लड़कियों की फोटो और प्रोफाइल भेजी जाती थी। पढ़ें पूरी खबर…


