खंडवा के मौसम में 10 दिन बाद एक बार फिर ठंडक लौट आई है। बीते 48 घंटे के भीतर रात के तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है। 28 नवंबर को रात का पारा 13.4 डिग्री था, जो गिरकर अब 9.4 डिग्री पर आ गया है। वहीं, दिन का तापमान भी 28 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया है। तापमान गिरने के साथ ही तेज हवाओं ने ठिठुरन बढ़ा दी है। ऐसी स्थिति 21 नवंबर तक थी, जो अब फिर लौट आई है। शनिवार को दिन का तापमान 29.1 डिग्री और रात का तापमान 10.4 डिग्री रहा था। रविवार को ठंडक में और तेजी आई, जिससे दिन और रात का पारा करीब एक डिग्री और गिर गया। रात का तापमान 9 डिग्री के करीब दर्ज किया गया। उत्तर भारत में बर्फबारी, इसलिए बढ़ी ठिठुरन
मौसम विशेषज्ञ डॉ. सौरव गुप्ता के अनुसार, उत्तर भारत में विक्षोभ के चलते बर्फबारी शुरू हो गई है। वहीं, दक्षिण के विक्षोभ का असर कम होने से उत्तरी हवाओं की स्थिति तेज हो गई है। हालांकि, अभी एकदम से तापमान कम नहीं होगा, बल्कि धीरे-धीरे गिरावट आएगी। सुबह 7 बजे तक कोहरा, 10 बजे खिली धूप
मौसम में ठंडक की वापसी के साथ ही रविवार सुबह शहर में 7 बजे तक कोहरा छाया रहा। यही कारण रहा कि सुबह तक तेज ठंडक थी। सुबह 8 बजे के बाद हल्की और फिर 10 बजे तेज धूप खिल आई, जिससे ठंड का असर थोड़ा कम हुआ। सिंचाई के दबाव से किसानों को राहत
यह तेज ठंडक फसलों के लिए फायदेमंद मानी जा रही है। पिछले लगातार 10 दिनों से तेज धूप खिली होने के कारण खेतों में सिंचाई का दबाव बढ़ गया था। किसान नमी के लिए यूरिया जैसे विकल्प तलाश रहे थे। अब ठंड बढ़ने से फसलों को फायदा होगा।


