खंडवा में 4 छात्र लापता, स्कूल जाने का कहकर निकले:इंदौर की बस में चढ़ते दिखे, फिर घर नहीं लौटे; अपहरण का केस दर्ज

खंडवा के धनगांव थाना क्षेत्र से स्कूली पढ़ाई करने वाले चार छात्र रहस्यमय तरीके से लापता हो गए हैं। ये चारों आपस में दोस्त हैं और 8 दिसंबर को घर से स्कूल जाने का कहकर निकले थे, लेकिन वापस नहीं लौटे। लापता छात्रों में एक 12वीं और तीन 9वीं कक्षा के छात्र हैं। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने अपहरण का मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, घटना ग्राम पलासी की है। यहां रहने वाले चार दोस्त भैरूखेड़ा हायर सेकेंडरी स्कूल में पढ़ते हैं। वे रोज 5 किलोमीटर पैदल चलकर स्कूल जाते हैं। 8 दिसंबर को भी वे सुबह 9 बजे घर से निकले थे। परिजनों ने जब स्कूल के स्टाफ और अन्य बच्चों से पूछताछ की, तो पता चला कि वे स्कूल के गेट तक तो पहुंचे थे, लेकिन क्लास के अंदर नहीं गए। चाय वाले ने इंदौर की बस में चढ़ते देखा
धनगांव टीआई गंगाप्रसाद वर्मा ने बताया कि हाईवे पर चाय की गुमटी लगाने वाले एक व्यक्ति ने चारों बच्चों को इंदौर जाने वाली बस में चढ़ते हुए देखा है। जांच में सामने आया है कि बच्चे अपने साथ घर से न तो पैसे लेकर गए हैं और न ही ठंड से बचाव का कोई सामान। मोबाइल बंद, सायबर सेल एक्टिव
लापता छात्रों में से दो के पास मोबाइल फोन हैं, जो फिलहाल बंद आ रहे हैं। पुलिस ने लोकेशन ट्रेस करने के लिए सायबर सेल की टीम को सूचना दे दी है। परिजनों ने बताया कि उन्होंने गांव और रिश्तेदारों के यहां खूब तलाश की, लेकिन कहीं पता नहीं चला। इंदौर में भी रिश्तेदार तलाश कर रहे हैं। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *