खंडवा विधायक कंचन तनवे ने विधानसभा के शीतकालीन सत्र में जिले में पुलिस बटालियन की स्थापना का मुद्दा जोर-शोर से उठाया। उन्होंने खंडवा को सिमी आतंकियों का केंद्र और संवेदनशील बताते हुए तत्काल बटालियन की मांग की। विधायक ने हाल ही में मदरसे से मिले 20 लाख के नकली नोटों का भी हवाला दिया। इस पर गृह राज्यमंत्री ने जवाब दिया कि खरगोन में बटालियन बन रही है, जो पास ही है। हालांकि, मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने विधायक का समर्थन किया। विधायक कंचन तनवे ने सदन में सवाल उठाते हुए कहा कि खंडवा सिमी आतंक और आतंकियों का केंद्र बन चुका है। यहां लगातार आतंकी और तस्करी की घटनाएं हो रही हैं। उन्होंने कहा, “कुछ दिन पहले खंडवा की पेठिया गांव के मदरसे में 20 लाख के नकली नोट पुलिस ने जब्त किए हैं। खंडवा संवेदनशील जिला रहा हैं। यहां से एसएएफ बटालियन के मामले में सरकार को विचार करना चाहिए।” विधायक ने बताया कि खंडवा में इसके लिए जमीन भी आवंटित की गई है। मंत्री बोले- खरगोन से आसानी से पहुंच सकता है फोर्स
जवाब में गृह राज्यमंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल ने कहा कि खरगोन में बटालियन की स्थापना की जा रही है। खंडवा और खरगोन की दूरी कम है। किसी भी हालत में आसानी से फोर्स खंडवा पहुंच जाएगा। मंत्री विजयवर्गीय ने किया समर्थन, बोले- संवेदनशील है जिला
मंत्री पटेल के जवाब के बाद संसदीय कार्य मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने विधायक कंचन तनवे का समर्थन किया। विजयवर्गीय ने कहा कि खंडवा जिला संवेदनशील है, यहां कोई भी त्योहार बिना पुलिस सुरक्षा के नहीं होता। उन्होंने मंत्री पटेल से इस विषय को गंभीरता से लेने के लिए कहा। सरकार ने कहा- विचार किया जाएगा
विजयवर्गीय के हस्तक्षेप के बाद मंत्री पटेल ने कहा कि जो संसदीय कार्य मंत्री ने कहा है, मतलब वह सरकार ने कहा है। इस पर विचार किया जाएगा।


