भास्कर न्यूज | जशपुरनगर जिले में बिजली विभाग की लापरवाही एक बार फिर सामने आई है। बुधवार को बिजली खंभे पर काम कर रहे दो मजदूर करंट की चपेट में आ गए, जिससे वे गंभीर रूप से झुलस गए। दोनों को तत्काल जिला अस्पताल लाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, बिजली विभाग के ठेकेदार के अधीन काम कर रहे मजदूर पवन राम और राजू सिंह बिजली लाइन सुधारने के लिए खंभे पर चढ़े थे। कार्य के दौरान अचानक करंट दौड़ गया, जिससे दोनों बुरी तरह झुलस गए। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया। घटना की जानकारी मिलते ही मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) डॉ. जीएस जात्रा मौके पर पहुंचे और घायलों की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि दोनों मजदूरों की हालत गंभीर है और डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है। इस हादसे के बाद जब मीडिया टीम जिला अस्पताल पहुंची तो बिजली विभाग के अधिकारी और कर्मचारी वहां से नदारद मिले। वहीं, ठेकेदार भी कैमरा देखते ही मौके से भाग गया। इससे विभाग की जवाबदेही पर सवाल खड़े हो गए हैं। घटना स्थल पर न तो कोई सुरक्षा इंतजाम थे और न ही कोई जिम्मेदार अधिकारी मौजूद था।


