धमतरी-जगदलपुर नेशनल हाईवे पर मंगलवार रात सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। पुरूर के पास ढाबे के सामने खड़ी ट्रक से बाइक सवार जा टकराया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि जतिन नेताम (30) के सिर और सीने की हड्डियां बुरी तरह टूट गईं। पुरूर थाना क्षेत्र की घटना है। मृतक कांकेर जिले के ग्राम कनहनपुरी का रहने वाला था। बताया जा रहा है कि उसकी पत्नी धमतरी पुलिस विभाग में महिला कांस्टेबल के पद पर तैनात हैं। वह अपनी पत्नी से मिलने के लिए गांव से निकला था, लेकिन रास्ते में यह हादसा हुआ। हादसे के वक्त मृतक ने हेलमेट पहना था, लेकिन वह फैंसी हेलमेट था, जो आधा खुला हुआ था। इससे उनके चेहरे पर गंभीर चोटें आईं। हादसे के तुरंत बाद पुरूर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को धमतरी अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। रात के अंधेरे में नहीं दिखा ट्रक प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि नेशनल हाईवे पर एक ट्रक सुबह से खराब हालत में खड़ा था, जो जगदलपुर से रायपुर की ओर जा रहा था। रात के अंधेरे में बाइक सवार उसे देख नहीं सका और सीधे ट्रक के पिछले हिस्से से जा टकराया। ट्रक सुबह से था खराब, रेज रफ्तार से टकराया स्थानीय लोगों के मुताबिक, ट्रक सुबह से ही खराब होकर खड़ा था। लेकिन कोई चेतावनी संकेत नहीं लगाया गया। जिससे रात में तेज रफ्तार वाहनों के लिए खतरा बना हुआ था। यही लापरवाही जतिन नेताम की मौत की वजह बनी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच जारी है। हादसे के बाद भी नहीं जागे जिम्मेदार इस हादसे से महज 3 दिन पहले अर्जुंदा थाना क्षेत्र में भी ऐसा ही सड़क हादसा हुआ था, जब सुरेगांव और देवरी के बीच तेलीटोला में खड़े ट्रक से टकराने से तीन युवकों की मौत हो गई थी। होली के दूसरे दिन रात के अंधेरे में हुए उस हादसे के बाद भी प्रशासन और जिम्मेदार अधिकारी नहीं जागे, जिससे एक और जान चली गई। लगातार हो रही इन दुर्घटनाओं के बावजूद सड़क सुरक्षा को लेकर कोई ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। जिससे लापरवाही की कीमत बेगुनाह लोगों को अपनी जान गंवाकर चुकानी पड़ रही है।


