शिरोमणि अकाली दल के नेता यादविंदर सिंह यादू को खन्ना कोर्ट ने जमानत दे दी है। उन्हें हाल ही में पंचायत समिति और जिला परिषद चुनावों की मतगणना के दौरान काउंटिंग सेंटर से गिरफ्तार किया गया था। जमानत मिलने के बाद यादू को पटियाला जेल से रिहा कर दिया गया। जेल से बाहर आने के बाद यादविंदर सिंह यादू अपने समर्थकों के साथ पटियाला स्थित गुरुद्वारा श्री दुख निवारण साहिब पहुंचे। उन्होंने गुरु घर में माथा टेका। मतगणना प्रक्रिया में बाधा डालने का आरोप यादविंदर सिंह यादू के खिलाफ मतदान की गिनती वाले दिन एसडीएम स्वाती टिवाना की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया था। एसडीएम ने आरोप लगाया था कि यादू ने मतगणना प्रक्रिया में बाधा डाली, अधिकारियों के काम में दखलअंदाजी की और कथित तौर पर धमकियां भी दीं। इसी शिकायत के आधार पर पुलिस ने उन्हें काउंटिंग सेंटर से गिरफ्तार किया था। यादविंदर सिंह यादू की गिरफ्तारी के बाद उनके समर्थकों ने विरोध प्रदर्शन किया था। गुस्साए समर्थकों ने खन्ना में जीटी रोड जाम कर दिया, जिससे यातायात प्रभावित हुआ। इस मामले में पुलिस ने जीटी रोड जाम करने और कानून व्यवस्था भंग करने को लेकर दो अलग-अलग मामले भी दर्ज किए थे। यादू बोले- कल करेंगे प्रेस कॉन्फ्रेंस यादविंदर सिंह यादू ने बताया है कि वह कल सुबह करीब 11 बजे खन्ना स्थित अनाज मंडी में अपने कार्यालय में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे। इस दौरान वह अपनी गिरफ्तारी, दर्ज मामलों, चुनाव प्रक्रिया और मौजूदा राजनीतिक हालात को लेकर महत्वपूर्ण खुलासे कर सकते हैं।


