मजीठा में नकली शराब से हुई मौतों के बाद पंजाब पुलिस ने राज्यभर में अवैध शराब के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। खन्ना में पायल पुलिस ने गांव चीमा में एक अवैध शराब भट्ठी का पर्दाफाश किया है। डीएसपी हेमंत मल्होत्रा के अनुसार, पुलिस को सूचना मिली थी कि पायल के वार्ड नंबर 5 का रहने वाला दविंदर सिंह उर्फ लाडी अपनी मोटर पर अवैध शराब बना रहा है। एएसआई हरजिंदर सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने छापेमारी की। मौके से पुलिस ने 5 बोतल देसी शराब बरामद की। एक आयरन ड्रम में 150 लीटर लाहन मिला। इसके अलावा एक खाली ड्रम, शराब निकालने की चम्मच, छोटी पाइप, एक सफेद थैला, लकड़ियां और 10 ईंटें भी जब्त की गईं। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का कहना है कि राज्य में चल रहे अभियान के तहत अवैध शराब के कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को छोड़ा नहीं जाएगा।


