खन्ना में सीवरेज की समस्या से परेशान लोगों का प्रदर्शन:पार्षद पर सीवरेज लाइन मोड़ने का आरोप, बोले- बीमारियों के बीच रह रहे

लुधियाना के खन्ना में सीवरेज की समस्या से परेशान लोगों ने प्रदर्शन किया। वार्ड नंबर 13 और 14 में सड़कों पर सीवरेज का गंदा पानी जमा है। बदबू, मच्छर और बीमारियों के बीच लोग रहने को मजबूर है। सोमवार को इलाके में लोगों ने पार्षद संदीप घई और नगर कौंसिल के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और सीधा आरोप लगाया कि “वोट लेने के बाद घई दोबारा मोहल्ले में दिखे तक नहीं।” इलाका निवासी नसीब कौर, रविंदर सिंह और अन्य लोगों ने गुस्से में कहा, “संदीप घई ने अपने घर की गली तो स्वर्ग बना दी, वहां सीवरेज लाइन भी बिछवा ली और सफाई भी नियमित होती है। लेकिन बाकी मोहल्ला कीचड़ और गंदगी में डूबा है। पार्षद को वार्ड की जनता से कोई मतलब नहीं। अगली बार जब वोट मांगने आएंगे तो पहले उन्हें इसी पानी में खड़ा करेंगे।” पार्षद ने सीवरेज की पाइपलाइन मोड़कर अपनी गली में डलवाई
लोगों का आरोप है कि सीवरेज की पाइपलाइन 8 नंबर गली से होकर जानी थी, लेकिन पार्षद ने उसे मोड़कर अपनी गली में डलवा लिया, जिससे पूरे इलाके की निकासी व्यवस्था गड़बड़ा गई। राजिंदर सिंह ने कहा, “हमें तो जैसे काले पानी की सजा मिली है। कई सालों से कोई सुनवाई नहीं हो रही। पार्षद सिर्फ नाम के हैं। कांग्रेस के हैं लेकिन जनता के नहीं।” महिला वकील रुपिंदर कौर ने बताया कि वह लगातार नगर कौंसिल से संपर्क करती रही हैं, लेकिन कोई हल नहीं निकला। मजबूरी में हाईकोर्ट में जनहित याचिका दायर की गई। इस संबंध में नगर कौंसिल की सेनेटरी सुपरवाइजर सविता जोशी ने कहा, “डी-सिल्टिंग का काम सीवरेज बोर्ड का है। हमने कई बार पत्र लिखे हैं, आज भी रिमाइंडर भेजे जा रहे हैं। हम फिलहाल टैंकर से पानी निकलवा रहे हैं, लेकिन समाधान तभी होगा जब सीवरेज बोर्ड जिम्मेदारी निभाए।” पार्षद संदीप घई ने कहा कि नगर कौंसिल की अफसरशाही आम आदमी पार्टी के दबाव में काम कर रही है। मैं दो साल से शिकायतें दे रहा हूं, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *