भास्कर न्यूज |लुधियाना गिल रोड पर अवैध रूप से चल रही स्कूटर मार्केट पर नगर निगम ने सख्त कार्रवाई करते हुए दस मोटरसाइकिलों को जब्त कर लिया और दुकानदारों पर एक हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया। यह कार्रवाई दैनिक भास्कर द्वारा इस मुद्दे को उठाए जाने के बाद शुरू की गई, जब यह अवैध मार्केट इस रोड पर हमेशा ट्रैफिक जाम की समस्या का कारण बन रही थी। नगर निगम के इंस्पेक्टर संजीत कुमार ने मौके पर पहुंचकर दुकानदारों को चेतावनी दी कि यदि भविष्य में दुकानों के बाहर कोई वाहन खड़ा पाया गया, तो उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि इस दौरान वह दो गाड़ियों के साथ पहुंचे थे, जिनमें दस दोपहिया वाहन ही ले जाए जा सके थे। इंस्पेक्टर संजीत कुमार ने यह भी बताया कि अब से रोजाना गिल रोड पर इस प्रकार की अवैध पार्किंग के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी, ताकि सड़क पर ट्रैफिक जाम की समस्या से निजात मिल सके और जनता को परेशानी का सामना न करना पड़े।


