खरगोन से 8 किलोमीटर दूर जामलीधाम में मंगलवार को एकादशी पर श्रीबालाजी पंचमुखी हनुमान मंदिर सेवा ट्रस्ट ने बाबा श्याम का प्रथम पाटोत्सव मनाया। इस अवसर पर कोलकाता से लाए गए विशेष फूलों से बाबा श्याम का दरबार सजाया गया। रात 8 बजे खाटू श्याम की ज्योत जलाई गई, जिसके दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। ज्योत दर्शन के बाद बाबा का मनुहार कीर्तन हुआ। जयपुर के गायक आयुष सोमानी ने बालाजी सरकार की स्तुतियां की और ‘कीर्तन की है रात बाबा आज थाने आनु है…’ जैसे भजनों से बाबा श्याम को रिझाया। इस दौरान इत्रवर्षा भी की गई। वृंदावन की गायिका किशोरी अंजली साध्वी ने भी अपने भजनों से श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध किया। जामलीधाम स्थित श्री बालाजी पंचमुखी हनुमान मंदिर में बाबा खाटू श्याम की स्थापना 29 दिसंबर 2024 को की गई थी। पाटोत्सव के अवसर पर मंगलवार सुबह बिस्टान से जामलीधाम तक निशान यात्रा निकाली गई। मुख्य निशान राजेश मंडलोई श्यामप्रेमी मित्रमंडल द्वारा चढ़ाया गया। मंदिर में 5 क्विंटल से अधिक स्वल्पाहार और हलवे की प्रसादी वितरित की गई। देखिए तस्वीरें…


