खरगोन में खंडवा-बड़ोदरा हाईवे पर ऊन के पास रविवार शाम एक तेज रफ्तार एंबुलेंस ने बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। इस हादसे में बाइक सवार बड़वानी जिले के दो लोग घायल हो गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सड़क से काफी दूर जा गिरी। घायलों को उसी एंबुलेंस से जिला अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। घायल सिगदार (40) और विक्रम (45) बड़वानी जिले के राजपुर के सिलवानी निवासी हैं। वे खरगोन में अपनी रिश्तेदारी में शादी के कार्ड बांटने जा रहे थे, तभी यह हादसा हो गया। एंबुलेंस चालक पर लापरवाही का आरोप घायलों का आरोप है कि एंबुलेंस चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए उनकी बाइक को टक्कर मारी। उन्हें उसी एंबुलेंस से रात 7:45 बजे जिला अस्पताल पहुंचाया गया। दोनों को अंदरूनी चोटें आई हैं। पुलिस कर रही जांच हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। अस्पताल पुलिस ने बताया कि पीड़ितों से जानकारी जुटाकर संबंधित थाने को सूचित किया जाएगा। पुलिस मामले की जांच के बाद आगे की कार्रवाई करेगी।


