खरगोन के पिपरी में रविवार को पाटीदार समाज ने जय श्री अम्बे सेवा संस्थान के माध्यम से एक दिव्य दंपती शिविर का आयोजन किया। इस शिविर में गायत्री धाम सेंधवा के पंडित मेवालालजी ने 500 दंपत्तियों का मार्गदर्शन किया और उन्हें विभिन्न संकल्प दिलाए। इसी अवसर पर सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में उनकी 8 फीट ऊंची प्रतिमा का अनावरण भी किया गया। पंडित मेवालाल ने शिविर में उपस्थित दंपत्तियों को गुण, कर्म और स्वभाव को बेहतर बनाने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि दंपती गुणियों से गुण ग्रहण करें, कुशलता से कर्मयोग करें, केवल आवश्यक वस्तुओं का ही क्रय करें और अपने स्वभाव को प्रभावी बनाएं। अवधूत धाम ओंकारेश्वर के स्वामी सूर्यदेव ने सोलह संस्कारों के महत्व और उपायों पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक एवं समाज अध्यक्ष बालकृष्ण पाटीदार ने समाज की उन्नति के लिए प्रेरित किया। बुरहानपुर के एसपी देवेंद्र पाटीदार और शक्ति पंप संचालक इंदिरा दीदी इंदौर ने भी सभा को संबोधित किया। इस कार्यक्रम में गजानंद पाटीदार, प्रकाश पाटीदार, डॉ. रंजीता पाटीदार, सुनीता पाटीदार सहित 1500 से अधिक समाजजन उपस्थित रहे।


