खरतरगच्छाधिपति का नगर प्रवेश 11 को होगा

भास्कर न्यूज | बाड़मेर शहर के मोक्ष मार्ग स्थित केयुप भवन में नवनिर्मित मुनि सुव्रत स्वामी जिनालय, दादावाड़ी व पांच मुमुक्षुओं की दीक्षा के कार्यक्रम में खरतरगच्छाधिपति आचार्य मणिप्रभ सूरीश्वर सहित साधु-साध्वी 11 फरवरी को सामैया के साथ प्रवेश करेंगे। नगर प्रवेश का जुलूस कल्याणपुरा पार्श्वनाथ जिनालय महावीर चौक से सुबह 9 बजे रवाना होगा, जो शहर के मुख्य मार्गों से होता हुआ मोक्ष मार्ग स्थित कोटड़िया भवन‌ नाहटा ग्राउंड पहुंचेगा। यहां धर्मसभा होगी। श्री प्रतिष्ठा व दीक्षा महोत्सव समिति के संयोजक जगदीशचंद भंसाली ने बताया कि आचार्य आदि ठाणा-माण्डवला से विहार कर सायला, सिणधरी, सरणू, चवा, रावतसर होते हुए बाड़मेर आएंगे। जैन समाज में आचार्य के प्रवेश को लेकर खुशी है। गच्छाधिपति आचार्य की शोभा यात्रा निकाली जाएगी। केयुप सचिव केवलचंद छाजेड़ ने बताया कि कल्याणपुरा मंदिर से लेकर मोक्ष मार्ग के बीच शहर के मार्ग पर स्वागत के प्रवेश द्वार, तोरण, होर्डिंग बोर्ड, जैन धर्म ध्वज पताका लगाई जा रही है। आचार्य के प्रवेश पर जिले सहित देशभर से गुरुभक्त एवं प्रवासी बाड़मेर आएंगें। केयपु के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुरेश लूणिया ने बताया कि आचार्य के नगर प्रवेश के बाद महोत्सव समिति की ओर से मोक्ष मार्ग पर संघ स्वामी‌ वात्सल्य का आयोजन रखा गया है। आचार्य की निश्रा में 12 से 17 फरवरी तक पंचान्हिका महोत्सव का आयोजन होगा। 12 से 14 तक कई धार्मिक अनुष्ठान, 15 को परमात्मा व मुमुक्षुओं का वर्षीदान का वरघोड़ा व 16 को जीवणमल, नेमीचंद, बाबूलाल-शांतिदेवी, भरत छाजेड़ परिवार बाड़मेर-मुम्बई द्वारा निर्मित जिन मंदिर व दादावाड़ी की अंजन शलाका प्राण प्रतिष्ठा व कुशल वाटिका में पांच मुमुक्षुओं की दीक्षाओं का कार्यक्रम होगा। उसी दिन कुशल वाटिका में चातुर्मास की घोषणा होगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *