खराड़ी बोले- अंतिम छोर तक मिले योजनाओं का लाभ:कहा-अमीर-गरीब के बीच की खाई दूर नहीं होगी, तब तक देश आगे नहीं बढ़ेगा

जनजाति क्षेत्रीय विकास मंत्री बाबूलाल खराड़ी ने कहा कि जब तक इस देश में अमीर और गरीब के बीच की खाई दूर नहीं होगी और विकास के मामले में अंतिम किनारे पर बैठे व्यक्ति का कल्याण नहीं होगा, देश आगे नहीं बढ़ सकता। इसलिए जरूरी है कि शासकीय योजनाओं के माध्यम से अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति को प्रथम पंक्ति में लाकर खड़ा किया जाए। खराड़ी आज पीएमश्री राजकीय फतह उच्च माध्यमिक विद्यालय परिसर में आयोजित विकसित भारत 2047 मल्टी मीडिया प्रदर्शनी में आए लोगों को संबोधित कर रहे थे। केंद्रीय संचार ब्यूरो, क्षेत्रीय कार्यालय, उदयपुर की ओर से आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि दुनिया में शांति हो और देश का हर व्यक्ति समृद्ध हो, यही हमारे प्रधानमंत्री का सपना और प्रयास है। पांच दिवसीय मल्टी मीडिया प्रदर्शनी के दूसरे दिन के एक अन्य सत्र में मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करते हुए उदयपुर ग्रामीण के विधायक फूल सिंह मीणा ने कहा कि देश के किसान, मजदूर, महिला एवं युवा बेरोजगारों के लिए सरकार की ओर से अनेक कल्याणकारी योजनाएं चलाई जा रही हैं, लेकिन इसकी जानकारी उन तक नहीं पहुंचने के कारण वो इन योजनाओं का लाभ नहीं उठा पाते हैं। प्रदर्शनी के एक अन्य सत्र में मौजूद अतिरिक्त जिला कलक्टर (शहर) वारसिंह ने कहा कि शासन द्वारा विज्ञान, तकनीकी, स्वास्थ्य, कृषि, ऊर्जा, पेयजल आदि सभी क्षेत्रों में देश को आत्मनिर्भर बनाने के लिए विभिन्न योजनाओं के माध्यम से प्रयास किए जा रहे हैं। केंद्रीय संचार ब्यूरो के सहायक निदेशक रामेश्वर लाल मीणा ने बताया कि इस मल्टी मीडिया प्रदर्शनी में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग, महिला व बाल विकास विभाग, कृषि विभाग, महाराणा प्रताप कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, नगर निगम, उदयपुर, डाक विभाग, महिला अधिकारिता विभाग, ग्राम विकास व पंचायती राज विभाग, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग तथा जनजातीय क्षेत्रीय विकास विभाग के स्टॉल लगाए गए हैं। मीणा ने बताया कि डाक विभाग द्वारा आधार कार्ड में संशोधन की सुविधा भी उपलब्ध कराई जा रही है। यह प्रदर्शनी 24 जनवरी, 2025 तक सुबह 10 से शाम 4 बजे तक फ्री रहेगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *