खरीदी केंद्र पर व्यापारी के धान भरे 3 वाहन पकड़ाए:उपज को किसानों की बताया, दस्तावेज नहीं दिखा पाया, मऊगंज में थाने में खड़ी कराईं गाड़ियां

मऊगंज जिले के नईगढ़ी विकासखंड स्थित बंधवा धान खरीदी केंद्र पर रविवार को एक व्यापारी तीन वाहनों, एक मिनी ट्रक और दो पिकअप में धान भरकर बिक्री के लिए पहुंचा था। किसानों और समिति कर्मचारियों को संदेह होने पर उन्होंने प्रशासन को गोपनीय सूचना दी। सूचना मिलते ही नईगढ़ी थाना पुलिस और प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा। पुलिस ने धान से लदी तीनों गाड़ियों को सुरक्षा के लिए थाने में खड़ा करा दिया। पुलिस के अनुसार, मौके पर वाहन मालिकों और संबंधित व्यक्तियों से धान से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे गए। हालांकि, वे कोई भी वैध कागजात पेश नहीं कर सके। बताया जा रहा है कि पकड़ा गया व्यापारी अब धान को किसानों की बताने का प्रयास कर रहा है। कुछ किसान भी थाने पहुंचकर दावा कर रहे हैं कि धान उनकी है। हालांकि, खरीदी केंद्र पर पहुंचने के समय व्यापारी ने न तो किसी किसान का नाम बताया था और न ही धान को किसान की बताकर पेश किया था। उपार्जन केंद्र के रजिस्टर में व्यापारी ने अपने नाम से ही वाहन नंबर दर्ज कराए थे। मऊगंज और रीवा जिले में लंबे समय से शिकायतें मिल रही हैं कि कुछ व्यापारी उत्तर प्रदेश और अन्य क्षेत्रों से सस्ते दामों पर धान खरीदकर किसानों को कमीशन देकर उनके खातों के माध्यम से खरीदी केंद्रों में बेचने का प्रयास करते हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *